
छठ की खरीदारी कर घर लौट रहे प्रवासी मजदूर की सड़क हादसे में मौत, बीमार पत्नी और दो मासूम बच्चों पर टूटा दुखों का पहाड़
पत्नी की दोनों किडनी फेल, परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य था सनोज
राजीव कुमार, गम्हरिया, मधेपुरा।
गम्हरिया थाना क्षेत्र के बैंक ऑफ इंडिया के समीप रविवार दोपहर करीब 12 बजे अज्ञात वाहन की ठोकर से छठ पर्व की खरीदारी कर घर लौट रहे एक प्रवासी मजदूर की मौत हो गई। हादसे में 24 वर्षीय युवक सनोज कुमार की जान चली गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, वहीं पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
मृतक की पहचान कौड़िहार तरावे पंचायत के टेरही वार्ड संख्या-9 निवासी जुगो उर्फ जागेश्वर यादव के पुत्र सनोज कुमार के रूप में हुई है। सनोज दिल्ली में रहकर मजदूरी करता था और अपनी कमाई से परिवार का भरण-पोषण करता था। छठ महापर्व मनाने के लिए कुछ दिन पहले ही वह घर लौटा था। रविवार को बाजार से छठ की सामग्री खरीदकर घर लौट रहा था। इसी दौरान बैंक ऑफ इंडिया के समीप एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल सनोज को मधेपुरा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजनों को सौंप दिया।
एक हादसे ने उजाड़ दिया पूरा परिवार
सनोज की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसकी 22 वर्षीय पत्नी रिंकी देवी की दोनों किडनी फेल बताई जा रही हैं। पत्नी के इलाज और परिवार की जिम्मेदारी सनोज के कंधों पर ही थी। उसके दो मासूम बेटे हैं। बड़ा बेटा सुधांशु कुमार (7 वर्ष) और छोटा बेटा सुमित कुमार (5 वर्ष) है।
परिवार का इकलौता कमाऊ सदस्य दुनिया से चला गया। मां की गंभीर बीमारी और पिता की असमय मौत के बीच दोनों बच्चों के भविष्य पर संकट खड़ा हो गया है। जिस घर में छठ पर्व की खुशियां मनाने की तैयारी चल रही थी, वहां अब मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।