
#बॉलीवुड अभिनेता विद्युत जामवाल अपनी फिल्मों के एक्शन के साथ-साथ फिटनेस, मार्शल आर्ट्स और योग के लिए भी जाने जाते हैं। अब उनका एक वीडियो चर्चा में है, जिसमें वह अपनी हॉलीवुड डेब्यू फिल्म ‘#स्ट्रीट फाइटर’ के ट्रेलर लॉन्च इवेंट में असाधारण मेडिटेशन प्रदर्शन करते नजर आए।
इवेंट के दौरान विद्युत जामवाल ने कथित तौर पर करीब 15 मिनट तक सांस रोककर ध्यान किया। इसके अलावा वह करीब 20 मिनट तक बिना पलक झपकाए मेडिटेशन करते नजर आए। इस दौरान उनकी आंखें खुली रहीं और आंखों से पानी बहता रहा। कुछ समय बाद उनके पैर भी कांपते दिखाई दिए, लेकिन वह अपनी मुद्रा में बने रहे।
विद्युत के इस प्रदर्शन का #वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आया है। अभिनेता इससे पहले भी अपने मार्शल आर्ट्स और कठिन शारीरिक अभ्यासों के कारण सुर्खियों में रह चुके हैं।
विद्युत जामवाल अब हॉलीवुड फिल्म ‘स्ट्रीट फाइटर’ में नजर आएंगे। यह उनकी हॉलीवुड डेब्यू फिल्म है। फिल्म में वह धलसिम का किरदार निभा रहे हैं।
हॉलीवुड में काम करने के अनुभव को लेकर विद्युत ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि उन्हें ‘स्ट्रीट फाइटर’ जैसी फिल्म में काम करने का मौका मिलेगा। अमेरिका में शूटिंग के दौरान उन्हें इस गेम की लोकप्रियता का भी अनुभव हुआ।
विद्युत ने बताया कि वह खुद वीडियो गेम खेलने के बजाय खेलों और एथलेटिक्स में ज्यादा व्यस्त रहते थे। उनके मुताबिक, खेलों से जुड़े अनुभव की वजह से ही उन्हें इस भूमिका तक पहुंचने में मदद मिली।
अभिनेता ने कहा कि उन्हें अब लगता है कि उन्होंने पूरी जिंदगी इस फिल्म को पाने के लिए मेहनत की है। उनका मानना है कि इंसान को लगातार मेहनत करते रहना चाहिए और जो उसके हिस्से में होगा, वह किसी न किसी तरह उसके पास पहुंच जाएगा।
‘स्ट्रीट फाइटर’ को 16 अक्टूबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज किए जाने की जानकारी दी गई है।
Gormi, Bhind | Oct 6, 2026