इंस्पेक्टर विजय कुमार के खिलाफ FIR दर्ज, विदेश यात्रा मामले में घिरे; पुलिस बैंड ‘हार्मनी ऑफ द पाइन्स’ के प्रभारी हैं अधिकारी
शिमला। विदेश यात्रा के लिए विभागीय अनुमति लेने के मामले में पुलिस बैंड ‘हार्मनी ऑफ द पाइन्स’ के प्रभारी इंस्पेक्टर विजय कुमार के खिलाफ शिमला के ढली पुलिस थाने में FIR दर्ज की गई है। उन पर कथित तौर पर फर्जी वित्तीय स्पॉन्सरशिप पत्र पेश करने और विभाग को भ्रामक जानकारी देने के आरोप हैं।
जानकारी के अनुसार वर्ष 2025 में जुन्गा स्थित प्रथम एचपीएपी बटालियन में हिमाचल प्रदेश पुलिस ऑर्केस्ट्रा के प्रभारी रहे विजय कुमार ने लंदन के हाउस ऑफ लॉर्ड्स में आयोजित ‘विकसित भारत के लिए पाठ्यक्रम तैयार करना-2047’ चर्चा में हिस्सा लेने के लिए विभागीय अनुमति मांगी थी।
आरोप है कि उन्होंने पुलिस मुख्यालय में अरनी विश्वविद्यालय का स्पॉन्सरशिप पत्र प्रस्तुत किया था, जिसमें दावा किया गया था कि विदेश यात्रा और आवास का खर्च विश्वविद्यालय द्वारा वहन किया जाएगा। विभागीय सत्यापन के दौरान कथित तौर पर सामने आया कि विश्वविद्यालय ने अधिकारी को कोई वित्तीय सहायता नहीं दी थी।
जांच के अनुसार, विदेश यात्रा पर करीब 1.57 लाख रुपये का खर्च इंस्पेक्टर विजय कुमार और उनकी पत्नी के निजी बैंक खातों के माध्यम से एक ट्रैवल एजेंसी को किया गया था। वहीं, विश्वविद्यालय की ओर से स्पष्टीकरण दिया गया कि स्पॉन्सरशिप पत्र वीजा और विभागीय एनओसी प्राप्त करने में सहायता के उद्देश्य से जारी किया गया था।
मामले में एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है।
अब जांच में यह स्पष्ट होगा कि विदेश यात्रा की अनुमति हासिल करने के लिए प्रस्तुत किए गए दस्तावेजों और स्पॉन्सरशिप पत्र की वास्तविक भूमिका क्या थी।
#UTHimachal #UniqueTodayNews #Shimla #HimachalPolice #VijayKumar #HarmonyOfThePines #DhalliPolice #FIR #ShimlaNews #PoliceNews