
रैपुरा/पन्ना। थाना रैपुरा पुलिस ने मंदिरों में हुई चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया मशरूका तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 18 जून 2026 को फरियादी रघुनाथ सिंह बुंदेला (64 वर्ष), निवासी ग्राम बड़ागांव, थाना रैपुरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 17 जून की रात अज्ञात चोरों ने श्रीराम जानकी मंदिर परिसर स्थित हनुमान मंदिर से हनुमान जी का चांदी का मुकुट, सोने का तिलक एवं पीतल का मुगदर (गदा) चोरी कर लिया। इसके अलावा ग्राम बड़ागांव स्थित माता जालपा मंदिर का दरवाजा तोड़कर वहां से पीतल के घंटे एवं चांदी का मुकुट भी चोरी कर लिया गया। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 18 हजार रुपए आंकी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पन्ना के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी पवई के मार्गदर्शन में थाना रैपुरा पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना एवं सतत प्रयासों के आधार पर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर आरोपियों को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। गिरफ्तार आरोपियों में दीपू जाटव (18 वर्ष), निवासी दमोह खास; संजय वंशकार (27 वर्ष), निवासी नया बाजार दमोह; तथा नितिन आदिवासी (19 वर्ष), निवासी इमलाई, जिला दमोह शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 चांदी के मुकुट, 1 पीतल का मुगदर (गदा), 22 पीतल के मंदिर के घंटे तथा वारदात में प्रयुक्त 1 मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद समस्त मशरूका को विधिवत जप्त कर आरोपियों को न्यायालय पवई में पेश किया गया।
इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक स्मिता सिंह बघेल, सहायक उपनिरीक्षक प्रमोद बागरी, प्रधान आरक्षक अजय मिश्रा सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों एवं ग्राम रक्षा समिति के सदस्य विनोद बाल्मीकि का विशेष योगदान रहा।
थाना रैपुरा पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की क्षेत्रवासियों द्वारा सराहना की जा रही है। इस सफलता से आमजन में सुरक्षा की भावना और पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
#Panna #Raipura #PannaPolice #MPPolice #TempleTheft #CrimeNews
#BreakingNews #PoliceAction #PannaNews #RaipuraPolice #MadhyaPradesh
#TempleNews #HindiNews #TrendingNews