
राज्य में धान खरीदी की तैयारी तेज | SA News Chhattisgarh
रायपुर | 07-09-2026: राज्य में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की तैयारियां शुरू हो गई हैं। किसानों को धान बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रदेश में 240 नए धान उपार्जन केंद्र खोले जाने का प्रस्ताव है। खाद्य विभाग और मार्कफेड के अधिकारियों के मुताबिक, नए उपार्जन केंद्रों का संचालन नवगठित प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों के माध्यम से किया जाएगा। प्रदेश में 515 नई प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों का गठन किया गया है।
नए केंद्र शुरू होने के बाद प्रदेश में धान उपार्जन केंद्रों की संख्या 2740 से बढ़कर करीब 2980 हो जाएगी। पिछले खरीफ विपणन वर्ष में इन केंद्रों के माध्यम से 25.24 लाख किसानों से 141.04 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी की गई थी। इस बार भी इससे अधिक धान खरीदी का अनुमान है। सरकार की ओर से किसानों की सुविधा के लिए पारदर्शी टोकन प्रणाली, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, नमी मापक यंत्र, बारदाना और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है।
खरीफ वर्ष 2026-27 में धान खरीदी के लिए किसान पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। 31 अक्टूबर तक पंजीयन की समय-सीमा निर्धारित की गई है। पिछले वर्ष पंजीकृत किसानों को एग्रीस्टैक आईडी के आधार पर धान बिक्री के लिए मान्य किया गया है। वहीं, नए भूमि खरीदी-बिक्री, नामांतरण या पट्टे की स्थिति में संबंधित किसानों को समिति के माध्यम से पंजीयन कराना होगा। धान खरीदी प्रक्रिया को और पारदर्शी बनाने के लिए उपार्जन केंद्रों में बायोमेट्रिक डिवाइस की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही डिजिटल क्रॉप सर्वे के जरिए वास्तविक फसल क्षेत्र का ऑनलाइन सत्यापन भी किया जाएगा।
सरकार की योजना धान उठाव, कस्टम मिलिंग और सार्वजनिक वितरण प्रणाली में परिवहन लागत को नियंत्रित करने की भी है। इसके लिए रूट ऑप्टिमाइजेशन टूल लागू किया जाएगा। इस बार प्रदेश में धान खरीदी के लिए अधिक केंद्र, डिजिटल व्यवस्था और किसानों के लिए बेहतर सुविधाओं पर जोर दिया जा रहा है।नए 240 उपार्जन केंद्र खुलने से किसानों को धान बेचने में पहले की तुलना में ज्यादा सुविधा मिलेगी। #Kharif2026_27 #DhaanKharidi #KisanPanjiyan #PaddyProcurement #Farmers #AgricultureNews #AgristackID #SANewsChhattisgarh