
थाना कोतवाली पुलिस द्वारा फायरिंग कर हत्या के प्रयास के मामले में फरार मुख्य आरोपी टीपू करिया को कर्नाटक, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश सहित 4 राज्यों में तलाश कर किया गया गिरफ्तार, घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा एवं कारतूस बरामद
थाना कोतवाली के 2, थाना नौगांव के 1 एवं जिला जबलपुर के 1 सहित कुल 4 प्रकरणों में था वांछित- हत्या के प्रयास, अवैध हथियार, अपहरण, मारपीट एवं अवैध शराब सहित 22 से अधिक अपराधों में लिप्त
दिनांक 3 अक्टूबर की रात्रि थाना कोतवाली क्षेत्रांतर्गत नारायणपुरा रोड पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की घटना संबंधी रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में हत्या के प्रयास एवं आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था।
पुलिस अधीक्षक छतरपुर श्री रजत सकलेचा द्वारा घटना की गंभीरता को देखते हुए फायरिंग कर हत्या के प्रयास की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिए गए। प्रकरण की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही थी।
थाना कोतवाली पुलिस टीम द्वारा उक्त मामले में पूर्व में आरोपी अन्नी उर्फ मेहताब खान निवासी रानी तलैया, छतरपुर को गिरफ्तार किया गया था। घटना में प्रयुक्त स्कूटी भी जब्त की गई थी। प्रकरण के मुख्य आरोपी टीपू करिया की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी।
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा कर्नाटक के बेंगलुरु, महाराष्ट्र के पुणे एवं नागपुर सहित उत्तर प्रदेश तथा मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में तलाश की गई। पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी टीपू करिया उर्फ अरशद खान, पिता जमाल खान, निवासी सबनीगर मोहल्ला, छतरपुर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का देशी कट्टा, तीन जिंदा कारतूस, एक खाली खोखा एवं मोबाइल फोन बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने नारायणपुरा रोड पर हुई फायरिंग एवं हत्या के प्रयास की घटना के संबंध में कॉन्ट्रैक्ट की बात बताई है। मामले में अन्य आरोपी के संबंध में भी जानकारी प्राप्त हुई है, जिसकी तलाश की जा रही है।
आदतन अपराधी टीपू करिया हत्या के प्रयास, अवैध हथियार रखने, अवैध शराब, अवैध वसूली, अपहरण एवं मारपीट जैसे 22 से अधिक अपराधों में लिप्त है। आरोपी थाना कोतवाली के हत्या के प्रयास के प्रकरण तथा जुलाई माह में दर्ज अवैध वसूली एवं मारपीट से संबंधित एक अन्य प्रकरण सहित दो मामलों में फरार था। इसके अतिरिक्त, थाना नौगांव में वर्ष 2019 में दर्ज अवैध हथियार एवं अपहरण से संबंधित प्रकरण तथा जिला जबलपुर के एक अन्य प्रकरण में भी फरार था। आरोपी कुल चार प्रकरणों में वांछित था।
उक्त कार्यवाही में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक छतरपुर श्री आदित्य पटले एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री अरुण कुमार सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक सतीश सिंह, उपनिरीक्षक श्री वीरेंद्र रैकवार, आरक्षक कपिन्द्र, नरेश, संदीप, अजय मिश्रा, साइबर से धर्मराज एवं टीम की भूमिका रही।