
प्रथम योगासन वर्ल्ड चैंपियनशिप में भड़ंगी गाँव के माँ-बेटे की जोड़ी ने रचा इतिहास;
द्रोणा को स्वर्ण और माता अमिता कुमारी को मिला रजत पदक
कोसली ,ओमप्रकाश डाबला
गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित प्रथम योगासन वर्ल्ड चैंपियनशिप में माँ और बेटे की जोड़ी ने वैश्विक पटल पर इतिहास रच दिया है। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की भव्यता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें विश्व के 60 देशों के लगभग 500 उत्कृष्ट खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था।इस कड़े वैश्विक मुकाबले में गाँव भड़ंगी के निवासी करन सिंह एवं कृष्णा देवी की सुपुत्री अमिता कुमारी ने अपनी अद्भुत प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए देश के लिए रजत पदक जीता। वहीं, उनके सुपुत्र द्रोणा ने अपने उत्कृष्ट कौशल के दम पर विश्व स्तर पर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।अमिता कुमारी ने अपनी इस ऐतिहासिक सफलता का श्रेय अपने प्रथम गुरु यशवंत शास्त्री (बिसोहा निवासी) के मार्गदर्शन और आशीर्वाद को दिया है, जिन्होंने उनकी योग यात्रा की मजबूत नींव रखी थी।60 देशों की कड़ी चुनौती के बीच एक ही परिवार के माँ और बेटे द्वारा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड और सिल्वर मेडल जीतना पूरे क्षेत्र और देश के लिए अत्यंत दुर्लभ और गौरव का क्षण है। करन सिंह और कृष्णा देवी के परिवार की इस दोहरी सफलता से पूरे भड़ंगीं गाँव और आसपास के इलाके में खुशी की लहर दौड़ गई है। ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने इसे पूरे समाज के लिए एक महान प्रेरणा बताया है। दोनों विजेताओं की इस ऐतिहासिक कामयाबी पर पूरे परिवार और योग जगत के दिग्गजों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
Ambala, Ambala | Jun 9, 2026