हरदासपुर, मुगला और करियां में सुधरेगी जल निकासी व्यवस्था, उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश
सुरेंद्र ठाकुर
चंबा, 17 अगस्त।
राष्ट्रीय उच्च मार्ग-154ए के तहत मोहल्ला हरदासपुर, मुगला और करियां सहित विभिन्न स्थानों पर जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में एनएचएआई के स्थानीय अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
उपायुक्त ने क्षेत्र में जल निकासी की मौजूदा स्थिति की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने उपमंडलीय प्रशासन को राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम के माध्यम से स्थलीय निरीक्षण करवाने के निर्देश भी दिए।
उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि जल निकासी नालियों के आसपास हुए अतिक्रमण को हटाया जाए। इसके साथ ही लोगों द्वारा नालियों के आसपास रखी गई निर्माण सामग्री को भी तुरंत हटाने के निर्देश दिए गए, ताकि बरसात के दौरान पानी की निकासी बाधित न हो।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण के स्थानीय अधिकारियों ने इन क्षेत्रों में बेहतर जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तैयार की गई कार्ययोजना की जानकारी उपायुक्त के समक्ष साझा की। अधिकारियों ने मौके पर सामने आ रही विभिन्न समस्याओं से भी अवगत करवाया।
बैठक में सहायक आयुक्त मनमोहन सिंह, उपमंडलाधिकारी चंबा चिराग शर्मा, एनएचएआई के डीएम यशवंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#PangiLiveNews #ChambaNews #NH154A #NHAI #DrainageSystem #Chamba #HimachalPradesh #MukeshRepswal
Chamba, Chamba | Aug 17, 2026