
दिल्ली हादसे में देवास के अर्पित की मौत, बिल्डिंग के नीचे दबा मिला था शव, पिता ने की मृतक की पहचान
अनोखा तीर, देवास। दिल्ली के सत्य निकेतन हादसे में देवास के होनहार युवक की मौत हो गई। देवास के अर्पित जाज (21) दिल्ली यूनिवर्सिटी में पढ़ते थे। अर्पित जाज देवास के कैलादेवी क्षेत्र के पास स्थित जय बजरंग नगर का रहने वाला था और दिल्ली यूनिवर्सिटी से बी.कॉम सेकंड ईयर में पढ़ रहा था। उसने 12वीं की पढ़ाई देवास की सेंट्रल इंडिया एकेडमी से की थी। हादसा दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास सत्य निकेतन में 6 सितंबर की दोपहर करीब 1.30 बजे हुआ। इमारत करीब 40 साल पुरानी थी। अर्पित रक्षाबंधन मनाने के लिए घर आया था और 5 सितंबर को ही वापस दिल्ली चला गया था। पिता भूपेंद्र जाज देवास में ट्रैवल एजेंसी चलाते हैं। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार रविवार देर रात दिल्ली पहुंचा और अस्पताल सहित घटनास्थल पर उसकी तलाश की। सोमवार को अर्पित का शव मिलने की पुष्टि हुई। भूपेंद्र जाज ने बताया कि बेटा अर्पित दिल्ली के आत्माराम कॉलेज में बी.कॉम सेकेंड ईयर में पढ़ता था। पिछले साल से पीजी में रह रहा था। जब यहां आया था, तब उस बिल्डिंग की हालत ठीक थी। अर्पित की मां पुष्पा ने कहा- रक्षाबंधन मनाकर एक दिन पहले ही वह दिल्ली आया था। हमने उसे ट्रेन में बैठाया था। रविवार दोपहर 12 बजे वीडियो कॉलिंग से बात हुई थी। दो बजे मैंने उसे फिर फोन लगाया, उसने रिसीव नहीं किया। मुझे लगा कि वह रातभर ट्रैवल करके दिल्ली पहुंचा है। थककर सो गया होगा।
देवास कलेक्टर ऋतुराज सिंह ने बताया कि उन्होंने अर्पित के परिवार से बात की है। शव का दिल्ली में ही पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। इसके बाद इसे देवास लाया जाएगा।
अर्पित रविवार सुबह करीब 10 बजे अपने हॉस्टल पहुंच गया था। हादसे से करीब डेढ़ घंटे पहले उसके माता-पिता की उससे फोन पर बात भी हुई थी। अर्पित ने बताया था कि उसने खाना खा लिया है। यात्रा से थक गया है, इसलिए आराम कर रहा है। अर्पित के माता-पिता को रविवार शाम करीब 4 बजे देवास से रवाना किया। वे भोपाल से रात 7.30 बजे की फ्लाइट से दिल्ली निकले। रात करीब 10.30 बजे घटनास्थल पर पहुंच गए थे। इसके बाद रातभर एम्स और घटनास्थल के बीच चक्कर लगाते रहे, लेकिन अर्पित के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई। उन्हें यह तक पता नहीं चल रहा था कि अर्पित लापता है, उसकी मौत हुई है या अस्पताल में भर्ती है। सोमवार सुबह करीब 8.30 बजे अर्पित का शव अस्पताल में मिला।
Harda, Harda | Sep 7, 2026