
लखीसराय: चानन के आदिवासी क्षेत्र में जैविक खेती अभियान शुरू, किसानों को औद्योगिक पौधे वितरित
लखीसराय जिले के चानन प्रखंड की संग्रामपुर पंचायत में बुधवार को जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार के नेतृत्व में जैविक खेती को बढ़ावा देने और आदिवासी किसानों के बीच उच्च आय वाले औद्योगिक पौधों के वितरण के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कछुआ, सतघरवा महाजनवा, चौरा राजपुर और संग्रामपुर गांवों में किसानों को रासायनिक खाद के दुष्प्रभावों से बचने तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही "रासायनिक खाद मुक्त चानन प्रखंड" अभियान की शुरुआत की घोषणा की गई।
डीएम शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि आदिवासी किसानों का पारंपरिक और प्राकृतिक खेती की ओर विशेष झुकाव है। इसे देखते हुए कृषि विभाग को प्राकृतिक खेती, उद्यानिकी फसलों और विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ आदिवासी बहुल क्षेत्रों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
उप विकास आयुक्त सुमित कुमार ने ग्रामीणों को सरल भाषा में जैविक खेती के लाभ बताए, जिसे ग्रामीणों ने खूब सराहा। कृषि विभाग, पटना के सहायक निदेशक अवनीश कुमार ने जैविक उत्पादों की गुणवत्ता जांच और मिट्टी परीक्षण के महत्व की जानकारी दी। वहीं कृषि विज्ञान केंद्र, हलसी के वैज्ञानिक निशांत कुमार ने किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह ने टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत ग्रामीणों की स्क्रीनिंग कर जागरूकता फैलाई। जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम ने आदिवासी बच्चों को विद्यालय से जोड़ने के लिए सर्वेक्षण किया। ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता गौरव कुमार ने बताया कि पंचायत की 2.6 किलोमीटर सड़क का सर्वे पूरा हो चुका है और वन विभाग की अनुमति मिलने के बाद निर्माण का प्रस्ताव भेजा जाएगा।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया। कछुआ गांव में सभी अधिकारियों ने नींबू का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। अंत में उप विकास आयुक्त ने उपस्थित ग्रामीणों को जैविक खेती और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई।