
दो साल बाद खिताबी वापसी, गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल बना जिला चैंपियन
देशआदेश
पांवटा साहिब। गुरु नानक मिशन पब्लिक स्कूल, पांवटा साहिब की बास्केटबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो साल बाद जिला चैंपियनशिप में भाग लिया और खिताब अपने नाम कर खिताबी वापसी की। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन खेल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय देते हुए विजेता ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
टीम की इस उपलब्धि के पीछे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और निरंतर अभ्यास के साथ-साथ कोच गुरनाम सिंह बंगा का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन रहा। कोच ने खिलाड़ियों को तकनीकी प्रशिक्षण देने के साथ-साथ उन्हें आत्मविश्वास और टीमवर्क के लिए प्रेरित किया।
स्कूल के डायरेक्टर सरदार गुरजीत सिंह सैनी और प्रिंसिपल गुरबिंदर कौर चावला ने टीम की शानदार उपलब्धि पर खिलाड़ियों और कोच को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्कूल विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए निरंतर बेहतर अवसर और सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है।
दो साल बाद मिली यह चैंपियनशिप टीम के लिए केवल एक खिताब नहीं, बल्कि मेहनत, लगन और विश्वास की शानदार वापसी है। स्कूल परिवार ने सभी खिलाड़ियों, कोच और सहयोगी स्टाफ को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।