
सेवा संकल्प़ अभियान अंतर्गत 17 सितम्बर को बृहद स्तर पर रक्तदान शिविरों का किया जायेगा आयोजन
-
निःशुल्क स्वास्थ्य चिकित्सा शिविर भी लगाये जायेंगे
-
जिले में सेवा संकल्प अभियान 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 अमित चौधरी के मार्गदर्शन में सामुदायिक, प्राथमिक एवं उप स्वास्थ्य केन्द्रों पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से आमजन मानस को अधिकाधिक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से कार्य किया जायेगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 अमित चौधरी ने बताया कि अभियान के दौरान रक्तदान शिविर, अंगदान जागरूकता एवं संकल्प शिविर, नशामुक्ति जागरूकता गतिविधियॉं, पोषण/एनिमिया जागरूकता तथा किशोरी/गर्भवती धात्री महिलाओं की जांच, परामर्श व आई.एफ.ए. वितरण सहित अन्य सेवायें प्रदान की जायेंगी।
सेवा संकल्प अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु डॉ. के. एम. वरूण जिला स्वास्थ्य अधिकारी-2 को जिला नोडल अधिकारी एवं श्री प्रबल त्रिपाठी जिला कम्यूनिटी मोबलाईजर (डीसीएम) को सह नोडल बनाया गया है। रक्तदान शिविरों हेतु डॉ0 विकास जैन पैथोलॉजिस्ट जिला चिकित्सालय टीकमगढ़ को प्रभारी बनाया गया है। साथ ही सभी खण्ड चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश जारी कर अधिक से अधिक हितग्रहियों को लाभांवित करने का लक्ष्य रखा गया है।
#सेवा_संकल्प_अभियान
#SevaSankalpAbhiyan
#JansamparkMP
#Jansamparktikamgarh
#tikamgarh