
दरभंगा एयरपोर्ट के नज़दीक लॉजिस्टिक पार्क तथा कार्गो हब के लिए 50 एकड़ जमीन अधिग्रहण के लिए 226 करोड़ की मिली मंजूरी, सांसद ने जताया हर्ष/
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में मंत्रिमंडल द्वारा दरभंगा एयरपोर्ट के नज़दीक लॉजिस्टिक पार्क तथा कार्गो हब के निर्माण के लिए 49.9973 एकड़ जमीन के अधिग्रहण के लिए 225.91 करोड़ रुपए की राशि को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।
बिहार सरकार के इस पहल के लिए स्थानीय सांसद सह दरभंगा एयरपोर्ट सलाहकार समिति के चेयरमैन डा गोपाल जी ठाकुर ने प्रधानमंत्री तथा बिहार के सीएम के प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा है कि दरभंगा में लॉजिस्टिक पार्क तथा कार्गो हब बनाने की ठोस पहल शुरू कर दी गई है।
इस कार्गो हब के माध्यम से यहां से निर्यात तथा व्यापार को गति मिलेगी तथा दरभंगा व्यापारिक गतिविधियों का केंद्रबिंदु बनेगा। आने वाले समय में रोजगार के मुद्दे पर मील का पत्थर साबित होगा।
सांसद डा ठाकुर ने लॉजिस्टिक पार्क तथा कार्गो हब के निर्माण के लिए एनडीए सरकार की इस पहल को अपने प्रयासों का परिणाम बताते हुए कहा कि दरभंगा में लॉजिस्टिक पार्क तथा कार्गो हब निर्माण के लिए उन्होंने देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू तथा बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार तथा वर्तमान सीएम सम्राट चौधरी से मिलकर आग्रह किया था जिस पर गंभीरता से पहल करते हुए विगत 13 जनवरी 2026 को बिहार कैबिनेट बैठक में दरभंगा हवाई अड्डे के निकट लॉजिस्टिक पार्क एवं कार्गो हब के निर्माण के लिए लगभग 50 एकड़ भूमि अधिग्रहण करने हेतु 138 करोड़ 82 लाख 80 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई थी।
सांसद डा ठाकुर ने बताया कि उस स्वीकृति के बाद नए सिरे से लागत राशि का पुनः आंकलन कर अब 225.91 करोड़ रुपए राशि की पुनरीक्षित प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है जो रोजगार के मुद्दे पर वरदान साबित होगा।
सांसद डा ठाकुर ने एनडीए सरकार के इस निर्णय तथा पहल को आर्थिक क्रांति की नींव बताते हुए कहा कि लॉजिस्टिक पार्क तथा कार्गो हब के निर्माण से व्यापार का नया आयाम स्थापित होगा तथा दरभंगा सहित मिथिला क्षेत्र के किसानों के फल, सब्जियां, मखाना, मधुबनी पेंटिंग से जुड़े उत्पाद और अन्य कृषि-आधारित वस्तुओं का तेजी से निर्यात संभव होगा जिसके कारण परिवहन, भंडारण और सप्लाई चेन मजबूत होगी तथा स्थानीय स्तर पर यहां की आर्थिक व्यवस्था को काफी गति मिलेगी।
सांसद डा ठाकुर ने लॉजिस्टिक पार्क तथा कार्गो हब के निर्माण के दूरगामी परिणाम की चर्चा करते हुए कहा कि इसके माध्यम से एयरोसिटी के विकास के तहत यहां 5-सितारा होटल या अन्य आधुनिक सुविधाएं भी शामिल होंगी जिसके माध्यम से हजारों लोगों को नए रोजगार सृजित होंगे ।
बिहार के सीएम सम्राट चौधरी जी के नेतृत्व में बिहार सरकार के इस निर्णय को रोजगार के मुद्दे पर एनडीए सरकार का मास्टर स्ट्रोक बताते हुए सांसद डा ठाकुर ने कहा कि आने वाले समय में दरभंगा उत्तर बिहार का सबसे बड़ा व्यापारिक केंद्र ट्रेड हब बनकर उभरेगा जिसके लिए सरकार के द्वारा तत्परता से औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है।