Public App Logo
नर्सिंग अधिकारियों से वादा खिलाफी, भर्ती में अनियमितताओं और 80:20 महिला-पुरुष नियम को लेकर राहुल गांधी से मिले नर्सिंग एकता मंच के पदाधिकारी नई दिल्ली। उत्तराखण्ड में नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया में हो रही अनियमितताओं, भर्ती नियमावली में बार-बार किए जा रहे बदलाव तथा नर्सिंग अभ्यर्थियों के साथ कथित वादा खिलाफी के मुद्दे को लेकर नर्सिंग एकता मंच उत्तराखण्ड के पदाधिकारियों ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान नर्सिंग एकता मंच के पदाधिकारियों ने राहुल गांधी जी को उत्तराखण्ड के हजारों बेरोजगार नर्सिंग अभ्यर्थियों की समस्याओं से अवगत कराया। पदाधिकारियों ने बताया कि नर्सिंग अधिकारी भर्ती प्रक्रिया को लेकर सरकार द्वारा समय-समय पर नियमों में बदलाव किए जाने से लंबे समय से सरकारी नियुक्ति की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों के हित प्रभावित हो रहे हैं। नर्सिंग एकता मंच ने बताया कि आज उत्तराखण्ड के देहरादून स्थित एकता विहार में नर्सिंग अभ्यर्थियों के धरने को 252 दिन पूरे हो चुके हैं। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि आंदोलन के दौरान सरकार की ओर से अभ्यर्थियों को आश्वासन दिया गया था कि “आप लोगों के लिए हम जरूर कुछ करेंगे”, जिसके भरोसे पर अभ्यर्थियों ने उम्मीद बनाए रखी। लेकिन बाद में सरकार द्वारा नर्सिंग अधिकारी भर्ती के लिए परीक्षा आयोजित कर दी गई, जिससे आंदोलनरत एवं वर्षों से भर्ती की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थियों में भारी निराशा उत्पन्न हुई। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि जब सरकार स्वयं अभ्यर्थियों को सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन देती है, तो उसके बाद परीक्षा आयोजित कर देने से सरकार के आश्वासन और अभ्यर्थियों के बीच विश्वास का संकट पैदा हुआ है। इसी वादा खिलाफी के मुद्दे को भी राहुल गांधी जी के समक्ष प्रमुखता से रखा गया। पदाधिकारियों ने बताया कि जब अभ्यर्थी अपनी नर्सिंग शिक्षा पूरी कर भर्ती की तैयारी कर रहे थे, उस समय वर्षवार एवं वरिष्ठता के आधार पर भर्ती की व्यवस्था लागू थी। इसी व्यवस्था पर विश्वास करते हुए अभ्यर्थियों ने वर्षों तक अपनी बारी का इंतजार किया। लेकिन अब जब उनकी बारी आने का समय आया है, तो भर्ती प्रक्रिया को परीक्षा आधारित किए जाने से उनके सामने नया संकट खड़ा हो गया है। पदाधिकारियों ने राहुल गांधी जी के समक्ष यह भी मुद्दा उठाया कि भर्ती नियमावली में बार-बार परिवर्तन किए जाने से बीच के वर्षों में नर्सिंग शिक्षा पूरी करने वाले अभ्यर्थियों को भारी नुकसान हो रहा है तथा हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य दांव पर लगा हुआ है। 80:20 महिला-पुरुष भर्ती नियम समाप्त करने की मांग नर्सिंग एकता मंच के पदाधिकारियों ने केंद्र सरकार द्वारा नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती में लागू 80 प्रतिशत महिला एवं 20 प्रतिशत पुरुष के प्रावधान को लेकर भी अपनी चिंता राहुल गांधी जी के समक्ष रखी। मंच ने मांग की कि नर्सिंग अधिकारी भर्ती में लिंग के आधार पर पदों का विभाजन समाप्त किया जाए और पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों को समान एवं निष्पक्ष अवसर प्रदान किए जाएँ। पदाधिकारियों का कहना है कि योग्य एवं पात्र अभ्यर्थियों का चयन उनकी योग्यता, मेरिट और निर्धारित चयन प्रक्रिया के आधार पर होना चाहिए, न कि केवल लिंग के आधार पर। नर्सिंग एकता मंच ने राहुल गांधी जी से अनुरोध किया कि वे इस मुद्दे को संसद एवं उचित मंच पर उठाकर 80:20 महिला-पुरुष व्यवस्था को समाप्त कराने तथा पुरुष नर्सिंग अभ्यर्थियों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक पहल करें। मंच के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि उनकी मांग किसी वर्ग या महिला अभ्यर्थियों के अधिकारों को कम करने की नहीं है, बल्कि पुरुष एवं महिला दोनों के लिए समान अवसर और गैर-भेदभावपूर्ण भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने की है। नर्सिंग एकता मंच ने राहुल गांधी जी से उत्तराखण्ड में नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती से संबंधित वादा खिलाफी, भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, नियमावली में बार-बार परिवर्तन तथा 80:20 महिला-पुरुष प्रावधान जैसे मुद्दों पर गंभीरता से हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया। मंच के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि राहुल गांधी जी देशभर के नर्सिंग अभ्यर्थियों की इस समस्या को उचित मंच पर उठाएंगे तथा नर्सिंग अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी, न्यायपूर्ण एवं समान अवसर पर आधारित बनाने की दिशा में आवाज उठाएंगे। - Uttarakhand News