
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान चमोली (गौचर ) में पाँच दिवसीय बेसिक कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन
गौचर, चमोली। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान चमोली ( गौचर) में पाँच दिवसीय बेसिक कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रतिभागियों को कंप्यूटर के व्यावहारिक ज्ञान के साथ-साथ कार्यालयीन कार्यों एवं विभिन्न ऑनलाइन पोर्टल्स के उपयोग में दक्ष बनाना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्राथमिक विद्यालयों के बीस प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण का समन्वय रविन्द्र सिंह बर्त्वाल द्वारा किया गया। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर दिनेश बधानी एवं आलोक रंजन नेगी द्वारा प्रतिभागियों को विभिन्न विषयों पर व्यावहारिक एवं उपयोगी जानकारी प्रदान की गई।
पाँच दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस के अंतर्गत एम एस पेंट, एम एस वर्ड, एम एस एक्सेल एवं एम एस पॉवरपॉइंट का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। प्रतिभागियों को दस्तावेज तैयार करने, टेबल एवं गणना करने, प्रेजेंटेशन बनाने तथा कंप्यूटर पर दैनिक कार्यालयीन कार्यों को सरल एवं प्रभावी ढंग से करने का अभ्यास कराया गया।
इसके साथ ही प्रशिक्षण में आर्टिफिशियल इंटैलिजेंस (AI), कैनवा एवं चैट जीपीटी जैसे आधुनिक डिजिटल टूल्स के उपयोग की जानकारी भी दी गई। प्रतिभागियों को विभिन्न विभागीय एवं शैक्षिक कार्यों के लिए एजुकेशन पोर्टल, पीएफएमएस, यूडाइस आदि ऑनलाइन पोर्टल्स के उपयोग एवं डिजिटल कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को हैंड्स ऑन प्रैक्टिस के माध्यम से सीखने का अवसर मिला, जिससे वे प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान का उपयोग अपने दैनिक कार्यालयीन एवं शैक्षिक कार्यों में प्रभावी रूप से कर सकें।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक, ए आई टूल्स एवं डिजिटल पोर्टल्स की जानकारी से उनके कार्यों को अधिक सरल, तेज एवं प्रभावी बनाने में सहायता मिलेगी।