
सड़क सुरक्षा को लेकर शिवहर में चला सघन वाहन जांच अभियान,1 लाख 8 हज़ार का चालान,
बिना निबंधन संचालित वाहन जब्त, हेलमेट, सीट बेल्ट और वाहन के कागजात की हुई जांच,
शिवहर।जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी अनुराग कुमार रवि के नेतृत्व में जिले के विभिन्न प्रमुख चौक-चौराहों पर चलाए गए इस अभियान के दौरान दर्जनों वाहनों की जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल 1 लाख 8 हजार रुपये का चालान किया गया। वहीं, बिना निबंधन संचालित वाहनों को जब्त किया गया।
जांच अभियान के दौरान दोपहिया वाहन चालकों के हेलमेट और चारपहिया वाहनों में सीट बेल्ट के उपयोग पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके अलावा वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, निबंधन प्रमाणपत्र, बीमा और प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र की भी जांच की गई। दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाने और निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की रोकथाम को लेकर भी सख्ती बरती गई। संबंधित अभिभावकों को चेतावनी देते हुए बच्चों को वाहन नहीं देने की हिदायत दी गई। कई वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त चेतावनी भी दी गई।
जिला परिवहन पदाधिकारी अनुराग कुमार रवि ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, सुरक्षित आवागमन और वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में वाहन जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक और पीछे बैठने वाले व्यक्ति हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करें। नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें और सभी जरूरी दस्तावेज अपडेट रखें।
प्रशासन ने अभिभावकों से भी नाबालिग बच्चों को वाहन नहीं देने की अपील की है। साथ ही वाहन चालकों से क्षमता से अधिक सवारी नहीं बैठाने और पैदल यात्रियों की सुरक्षा का ध्यान रखने की अपील की गई है।