पूर्व क्रिकेटर और राजनेता नवजोत सिंह सिद्धू के परिवार में खुशियों ने दस्तक दी है। सिद्धू दादा बन गए हैं। उनके बेटे करण सिद्धू और बहू इनायत ने एक बेटी को जन्म दिया है। परिवार ने नन्हीं परी का नाम ‘आर्या सिद्धू’ रखा है।
दादा बनने की खुशी नवजोत सिंह सिद्धू ने खुद सोशल मीडिया के जरिए साझा की। पोती के जन्म से भावुक सिद्धू ने नन्हीं बच्ची के पैरों में अपना सिर रखकर उसका आशीर्वाद लिया। उन्होंने पोती के आगमन को माता पार्वती का आशीर्वाद बताया।
सिद्धू परिवार ने बच्ची का नाम आर्या रखा है। संस्कृत में ‘आर्या’ का अर्थ श्रेष्ठ, महान और कुलीन बताया जाता है। पोती के जन्म की खबर सामने आने के बाद सिद्धू के प्रशंसकों और शुभचिंतकों की ओर से बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।
क्रिकेट के मैदान से लेकर राजनीति और अपनी बेबाक बयानबाजी के लिए पहचाने जाने वाले नवजोत सिंह सिद्धू के लिए यह पल निजी तौर पर बेहद खास है। दादा बनने के बाद पोती के प्रति उनका भावुक अंदाज सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रहा है।
Gormi, Bhind | Oct 4, 2026