
रामपुर कॉलेज में छात्रों को पढ़ाया जीएसटी एवं आयकर का पाठ
Bushahr Today TV
रामपुर बुशहर। राजकीय महाविद्यालय रामपुर बुशहर के अर्थशास्त्र विभाग की इकॉनॉमिक सोसायटी द्वारा शुक्रवार को “जीएसटी एवं आयकर” विषय पर विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पंकज बसोतिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि चार्टर्ड अकाउंटेंट अभय अग्रवाल ने मुख्य प्रवक्ता के रूप में विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अर्थशास्त्र विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अनिल वर्मा के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने मुख्य अतिथि, मुख्य प्रवक्ता तथा उपस्थित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए इस प्रकार के व्याख्यानों को विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाने में महत्वपूर्ण बताया।
मुख्य प्रवक्ता अभय अग्रवाल ने विद्यार्थियों को आयकर की पुरानी एवं नई कर व्यवस्था के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने जीएसटी की संरचना, सीजीएसटी, एसजीएसटी एवं आईजीएसटी तथा कर निर्धारण की प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न प्रावधानों को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने विषय को व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से स्पष्ट किया, जिससे विद्यार्थियों को कर व्यवस्था से जुड़े जटिल विषयों को समझने में आसानी हुई।
व्याख्यान के अंत में विद्यार्थियों ने आयकर और जीएसटी से संबंधित विभिन्न प्रश्न मुख्य प्रवक्ता के समक्ष रखे। अभय अग्रवाल ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनके प्रश्नों के विस्तार से उत्तर दिए।
इस अवसर पर डॉ. कुशाल शर्मा, प्रो. पुष्पा गोस्वामी, अमर नेगी सहित अर्थशास्त्र विभाग एवं इकॉनॉमिक सोसायटी के सभी सदस्य मौजूद रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को अर्थव्यवस्था एवं कर प्रणाली से जुड़े विषयों की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना रहा।
Rampur, Shimla | Sep 11, 2026