
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का खजुराहो आगमन, केन-बेतवा लिंक परियोजना की प्रगति की समीक्षा
खजुराहो। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को टीकमगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बाद खजुराहो पहुंचे। खजुराहो विमानतल पर जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया।
मुख्यमंत्री के स्वागत के दौरान खजुराहो सांसद वी.डी. शर्मा, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार, छतरपुर विधायक ललिता यादव, राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया, बिजावर विधायक राजेश शुक्ला, पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष विद्या अग्निहोत्री तथा नगर परिषद अध्यक्ष ज्योति चौरसिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में सागर संभाग के आयुक्त अनिल सुचारी, आईजी मिथलेश शुक्ला, कलेक्टर मृणाल मीना एवं पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ मुख्य सचिव अशोक वर्णवाल, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े तथा आयुक्त जनसंपर्क मनीष सिंह भी खजुराहो पहुंचे।
विमानतल से मुख्यमंत्री सीधे खजुराहो स्थित कन्वेंशन सेंटर पहुंचे, जहां उन्होंने केन-बेतवा लिंक परियोजना की प्रगति को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में भाग लिया। बैठक में परियोजना से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई तथा कार्यों की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
केन-बेतवा लिंक परियोजना बुंदेलखंड क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण परियोजना मानी जा रही है, जिससे सिंचाई, पेयजल एवं क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने परियोजना के विभिन्न पहलुओं की जानकारी लेते हुए समयबद्ध और प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।