देवरिया के 24 युवाओं को मिली सरकारी नौकरी, नौ किसान परिवारों को पांच-पांच लाख की मदद
#देवरिया। जिले के युवाओं के लिए रोजगार की खुशखबरी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ में 1,146 नवचयनित कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें देवरिया के 24 युवा भी शामिल हैं। वहीं मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत जिले के नौ किसान परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई।
इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देवरिया कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया। यहां कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी और रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया ने नौ लाभार्थियों को पांच-पांच लाख रुपये के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए।
कृषि मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार देने के साथ ही किसानों और उनके परिवारों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी समेत संबंधित अधिकारी और लाभार्थी मौजूद रहे।
Barhaj, Deoria | Nov 11, 2026