
वैदिक गणित प्रयोग प्रतियोगिता में सत्यजीत ने हासिल किया प्रथम स्थान
क्षेत्रीय प्रतियोगिता में सफलता, राष्ट्रीय स्तर पर बिहार का करेंगे प्रतिनिधित्व
किशनगंज:सरस्वती विद्या मंदिर सैनिक स्कूल, मोतीबाग, किशनगंज के छात्र सत्यजीत ने क्षेत्रीय वैदिक गणित प्रयोग प्रतियोगिता के बाल वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है।
क्षेत्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन के बाद सत्यजीत का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। अब वे राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन सरस्वती विद्या मंदिर, पक्कीबाग, गोरखपुर में किया जाएगा।
सत्यजीत की सफलता पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल समेत कई गणमान्य लोगों ने दूरभाष के माध्यम से उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
बधाई देने वालों में विद्यालय प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष नागरमल झंवर एवं शिशिर दास, सचिव गणेश प्रसाद, सह-सचिव अनिल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष नाथुन प्रसाद, चिकित्सक डॉ. ए.के. सिन्हा, डॉ. संजीव चौधरी एवं उत्तम मित्तल शामिल हैं।
विद्यालय परिवार ने सत्यजीत की सफलता का श्रेय उनकी मेहनत, लगन और प्रतिभा के साथ-साथ मार्गदर्शकों के सतत प्रयासों को दिया। साथ ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन की कामना की।उक्त जानकारी प्रधानाचार्य नागेंद्र तिवारी द्वारा दी गई