
भरतपुर में स्कूली बॉक्सिंग प्रतियोगिता पर गंभीर सवाल
खिलाड़ियों से ₹4,500 लिए, खर्च बताए ₹2,590; ₹1,910 अतिरिक्त वसूली का आरोप
Bharatpur News जिले की 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग की जिला स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और अभिभावकों ने जिला शिक्षा अधिकारी, जिला कलेक्टर व शिक्षा निदेशक को शिकायत दी है।
शिकायत में वित्तीय अनियमितता, खिलाड़ियों को मूलभूत सुविधाएं नहीं देने, शराब सेवन, गाली-गलौज और नाबालिग खिलाड़ियों से अनुचित व्यवहार जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
शिकायत के अनुसार प्रत्येक खिलाड़ी से यात्रा एवं व्यवस्था के नाम पर ₹4,500 लिए गए। जबकि अनुमानित वास्तविक खर्च में आने-जाने का किराया ₹300, स्थानीय परिवहन ₹140, 7 दिन का भोजन ₹1,750 और किट ₹400 यानी कुल करीब ₹2,590 बताया गया है। इस आधार पर प्रति खिलाड़ी ₹1,910 अतिरिक्त वसूली का आरोप लगाया गया है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि खिलाड़ियों को पौष्टिक भोजन, स्वच्छ पेयजल और उचित आवास जैसी सुविधाएं भी नहीं मिलीं। प्रतियोगिता के दौरान कुछ प्रभारी द्वारा शराब पीकर गाली-गलौज करने और नाबालिग खिलाड़ियों के साथ अभद्र व्यवहार के आरोप भी लगाए गए हैं।
शिकायत में पूरे मामले की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई और वसूली गई अतिरिक्त राशि का पारदर्शी ऑडिट कराने की मांग की गई है।
अब देखना होगा कि शिक्षा विभाग इन गंभीर आरोपों की जांच में क्या कार्रवाई करता है।