
मुजफ्फरपुर में गांजा तस्करी का बड़ा खुलासा! बस पकड़ने से पहले 28.06 किलो गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार
मुजफ्फरपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। अहियापुर थाना क्षेत्र के बैरिया बस स्टैंड में छापेमारी कर पुलिस ने 28 किलो 60 ग्राम अवैध गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 27 सितंबर 2026 को अहियापुर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मादक पदार्थ तस्करी में शामिल एक व्यक्ति बस पकड़कर दूसरे राज्य जाने की तैयारी में है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बैरिया बस स्टैंड में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र निवासी मिथुन कुमार को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके पास से 28.06 किलोग्राम गांजा और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
मामले में अहियापुर थाना कांड संख्या 1513/26 दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि इस तस्करी में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है।
वहीं गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी पुलिस द्वारा पता किया जा रहा है। मामले में अग्रतर कार्रवाई जारी है।
#Muzaffarpur #TirhutNow #GanjaSmuggling #MuzaffarpurPolice #BiharNews