
छपरा में वित्तरहित शिक्षा नीति के खिलाफ गरजे शिक्षक, कांग्रेस सेवा दल के बैनर तले समाहरणालय पर एकदिवसीय धरना
#छपरा (सारण) में सोमवार को बिहार प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के बैनर तले वित्त रहित शिक्षा नीति की समाप्ति, वित्त रहित शिक्षण संस्थानों एवं महाविद्यालयों के समायोजन, शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों को सम्मानजनक नियमित वेतनमान, सेवा सुरक्षा, पेंशन, कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा और सामाजिक सुरक्षा की मांग को लेकर समाहरणालय के समक्ष एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।
धरना में जिले के विभिन्न विद्यालयों, इंटर कॉलेजों और डिग्री महाविद्यालयों से बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी और कांग्रेस सेवा दल के पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से वित्त रहित शिक्षा नीति समाप्त कर शिक्षकों को नियमित वेतनमान, पेंशन और अन्य सेवा सुविधाएं देने की मांग की।
इस दौरान बिहार प्रदेश कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) संजय यादव ने कहा कि बिहार में दशकों से कार्यरत वित्तरहित शिक्षक-शिक्षकेत्तर कर्मचारी शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं, लेकिन आज भी उन्हें सम्मानजनक वेतन, पेंशन और सामाजिक सुरक्षा से वंचित रखा गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक सरकार सकारात्मक निर्णय नहीं लेती, तब तक कांग्रेस सेवा दल का चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा।
धरना के बाद प्रदर्शनकारियों ने पदयात्रा करते हुए जिला समाहरणालय पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन प्रशासन को सौंपा। ज्ञापन में वित्त रहित शिक्षा नीति समाप्त करने, सभी सम्बद्ध शिक्षण संस्थानों का समायोजन करने, नियमित वेतनमान, पेंशन, सेवा सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा और अन्य वैधानिक लाभ उपलब्ध कराने की मांग की गयी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. शंकर चौधरी ने की, जबकि मंच संचालन वीरेंद्र प्रसाद सिंह और अतुल तिवारी ने संयुक्त रूप से किया। इस अवसर पर कई शिक्षकों, प्राचार्यों, शिक्षाविदों और कांग्रेस नेताओं ने भी अपने विचार रखे तथा आंदोलन को आगे और तेज करने का संकल्प लिया।
#Chapra #Saran #Bihar #CongressSevaDal #Teachers #Education #EducationPolicy #Protest #BiharNews #KaawKaawNews
Chapra, Saran | Jul 27, 2026