प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले की प्राचीर से करीब 75 मिनट तक देश को संबोधित किया। उनके भाषण के दौरान लाल किला परिसर में मौजूद दर्शकों ने 57 बार तालियां बजाईं। विकसित भारत-2047 का संकल्प, एक करोड़ युवाओं को एआई की ट्रेनिंग, प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मुफ्त कोचिंग, रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता और रेलवे के आधुनिकीकरण जैसे मुद्दों पर लोगों ने जमकर उत्साह दिखाया। समारोह में पहली बार पूरे ‘वंदे मातरम’ का गायन भी हुआ, जिसके बाद भारत माता के जयघोष से माहौल गूंज उठा। भाषण के बाद पीएम मोदी बच्चों के बीच पहुंचे तो दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला। उनकी जयपुरी पगड़ी भी समारोह में आकर्षण का केंद्र रही।