
18 सितंबर को मनाया जाएगा राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, चंबा में 1.55 लाख बच्चों को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल
चंबा, 21 अगस्त। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस (एनडीडी) अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त कार्यालय के सभागार में जिला टास्क फोर्स कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त मुकेश रेप्सवाल ने की। इस दौरान अभियान की तैयारियों और विभागीय कार्ययोजना की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
उपायुक्त ने कहा कि 18 सितंबर को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अभियान के तहत चंबा जिले के सभी स्वास्थ्य खंडों में 1,55,087 शिशुओं, बच्चों एवं किशोरों को एल्बेंडाजोल की खुराक खिलाई जाएगी। इसके अतिरिक्त एक वर्ष से पांच वर्ष तक की आयु के 39,534 शिशुओं एवं बच्चों को विटामिन-ए की खुराक भी दी जाएगी।
मुकेश रेप्सवाल ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग से संबंधित ऐसे अभियान नियमित गतिविधियों का हिस्सा हैं, इसलिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने अभियान के दौरान बच्चों तक दवाओं की पहुंच और निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार खुराक दिए जाने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों को पंचायत स्तर पर कृमि मुक्ति एवं विटामिन-ए अभियान से संबंधित सूचना, शिक्षा एवं संचार (आईईसी) सामग्री प्रदर्शित करवाने तथा अभिभावकों को अभियान के संबंध में पहले से जानकारी उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास को सभी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं शिक्षा विभाग के अधिकारियों को 18 सितंबर को विद्यालयों में विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाने को कहा, ताकि अधिक से अधिक पात्र बच्चों को अभियान का लाभ मिल सके।
बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेएस भारद्वाज ने उपायुक्त का स्वागत किया और राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस अभियान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी (एमओएच) डॉ. कविता महाजन ने बैठक की कार्यवाही का संचालन किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि एल्बेंडाजोल एक कृमिनाशक दवा है, जो आंतों में मौजूद कृमियों को समाप्त करने में मदद करती है। इससे शरीर में पोषक तत्वों के बेहतर अवशोषण में सहायता मिलती है तथा बच्चों के पोषण स्तर में सुधार और कुपोषण की स्थिति को कम करने में मदद मिलती है।
उन्होंने बताया कि विटामिन-ए बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने के साथ-साथ आंखों की रोशनी, त्वचा, हड्डियों और शरीर के अन्य ऊतकों के लिए भी महत्वपूर्ण है। अभियान के माध्यम से निर्धारित आयु वर्ग के बच्चों को समय पर आवश्यक खुराक उपलब्ध करवाने का लक्ष्य रखा गया है।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी बाल विकास कमल किशोर शर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी स्वास्थ्य डॉ. हरित पुरी सहित स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, पंचायती राज तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#NationalDewormingDay #Chamba #HealthDepartment #Albendazole #VitaminA #ChildHealth #ChildNutrition #PublicHealth #HimachalPradesh #HealthAwareness हिम संदेश DC Chamba Pangi Administration Bharmour Administration
Saach, Chamba | Aug 21, 2026