
नर्मदापुरम, हरदा सहित दस जिला कलेक्टरों के तबादले की सुगबुगाहट
मुख्यमंत्री के दुबई से लौटने पर जारी हो सकती है दूसरी तबादला सूची
अनोखा तीर, भोपाल। मध्यप्रदेश में आईएएस अधिकारियों के तबादलों को लेकर प्रशासनिक गलियों में चर्चाएं तेज हो गई है। हाल ही में हुए 6 आईएएस अधिकारियों के तबादलों पश्चात ही इस बात को लेकर कयास लगाए जा रहे हैं कि मुख्यमंत्री के दुबई से लौटते ही लगभग दस जिलों के कलेक्टरों के तबादले किए जा सकते हैं। जिसमें कुछ अधिकारियों को दो वर्ष से अधिक समय हो गया है तो वहीं कुछ अधिकारियों को विभिन्न कारणों से हटाएं जाने की चर्चा सामने आ रही है। प्रशासनिक गलियों से छनकर आ रही खबरों के मुताबिक हरदा कलेक्टर सिद्धार्थ जैन, दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े, ग्वालियर कलेक्टर रूचिका चौहान, नर्मदापुरम के सोमेश मिश्रा, गुना के किशोर कन्याल , राजगढ़ के गिरीश कुमार मिश्रा, इंदौर के शिवम वर्मा, शाजापुर की ऋतुजा बाफना, नीमच के हिमांशु चंद्रा तथा भिंड के करोड़ीलाल मीना के बदले जाने की सुगबुगाहट तेज हैं। वहीं लंबे समय से कलेक्ट्री मिलने की राह तक रहे आईएएस अधिकारी भी सक्रिय हो गए हैं। कुछ अधिकारी तो ऐसे भी हैं जिन्हें आईएएस अवार्ड हुए सालों हो गये, लेकिन उन्हें बल्लभ भवन के बाहर मैदानी तैनाती आज तक नहीं मिल पाई है। ऐसी स्थिति में ऐसे अधिकारी अपने राजनैतिक संपर्कों तथा अपने आला अधिकारियों से निरंतर संपर्क बनाए हुए हैं। अब देखना यह है कि वह मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की प्राथमिकता सूची में स्थान प्राप्त कर सकते हैं या पहले से ही कलेक्ट्री का आनंद लें चुके प्रतिक्षारत अधिकारियों को ही फिर अवसर दिया जाता है। चूंकि अब होने वाली प्रसाशनिक सर्जरी आगामी वर्ष में होने वाले निकाय चुनावों को दृष्टिगत रखते हुए तथा मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की नवीन योजनाओं को धरातल पर उतारते हुए उनकी छवि को निखारने के उद्देश्य को लेकर की जाना है। बहरहाल अभी जिन जिला कलेक्टरों के नामों को लेकर चर्चाएं व्याप्त है वह के चर्चाओं तक ही सीमित है, इसकी कोई अधिकारिक रूप से ना तो घोषणा की गई है और न ही प्रशासनिक स्तर पर पुष्टि हुई है। अब इन चर्चाओं में व्याप्त कितने नाम मुख्यमंत्री की तबादला सूची में शामिल होते हैं और कौन अपनी जोड़-तोड़ के आधार पर अपनी बचाएं रखने में कामयाब होता है यह तो भविष्य के गर्भ में छिपा है।
Harda, Harda | Sep 7, 2026