
#जिला_मऊगंज
#नईगढ़ी_जनपद_अध्यक्ष_के_घर के बाहर दो बार हंगामा, हथियार लेकर आने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप
12 नवंबर की रात की घटना, जनपद अध्यक्ष ने सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल, रीवा जोन के आईजी से जांच की मांग
नईगढ़ी (मऊगंज)। नईगढ़ी जनपद पंचायत की अध्यक्ष ममता कुंज बिहारी तिवारी के घर के बाहर 12 नवंबर की रात तीन लोगों के दो बार पहुंचने और हंगामा करने का आरोप है। परिवार के मुताबिक, पहली बार तीनों ने आवास की बाउंड्री का गेट पीटा और गाली-गलौज की। दूसरी बार उनके हथियार लेकर आने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है। घटना के बाद जनपद अध्यक्ष ने पुलिस की प्रतिक्रिया और क्षेत्र में महिला सुरक्षा पर सवाल उठाए हैं।
पहली बार घर पर अध्यक्ष और उनकी बेटी थीं
अगस्त क्रांति मंच के संयोजक कुंज बिहारी तिवारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे उनकी पत्नी ममता कुंज बिहारी तिवारी और बेटी घर पर थीं। वह निजी काम से रीवा गए हुए थे। इसी दौरान तीन लोग घर के बाहर पहुंचे और गेट पीटते हुए गाली-गलौज करने लगे। शोर सुनकर जनपद अध्यक्ष बाहर आईं और मदद के लिए आवाज लगाई। परिवार का कहना है कि कुंज बिहारी तिवारी के घर पर नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद तीनों वहां से चले गए।
रीवा से लौटने के बाद फिर पहुंचे, डायल 112 पर दी सूचना
कुंज बिहारी तिवारी ने बताया कि उनके रीवा से घर लौटने के बाद तीनों लोग दोबारा पहुंचे। आरोप है कि इस बार उनके पास हथियार थे और उन्होंने घर के बाहर से जान से मारने की धमकी दी। तिवारी के मुताबिक, उन्होंने डायल 112 पर कॉल किया और रामपुर चौकी प्रभारी अनंत विजय सिंह तथा मऊगंज एसडीओपी को फोन पर घटना की सूचना दी।
तिवारी ने कहा कि उन्होंने नईगढ़ी थाना प्रभारी अनिल काकड़े से भी कई बार संपर्क करने की कोशिश की। शुरुआत में फोन व्यस्त मिला। जब बात हुई, तब भी घर के बाहर गाली-गलौज और धमकी दी जा रही थी। तिवारी का कहना है कि उन्होंने थाना प्रभारी से फोन पर ही बाहर की आवाज सुनने को कहा। उनके मुताबिक, पुलिस वाहन का सायरन सुनाई देने के बाद तीनों वहां से भाग गए।
#जनपद अध्यक्ष से पूछा आम महिलाओं की सुरक्षा का क्या हाल होगा
ममता कुंज बिहारी तिवारी ने कहा कि जब एक निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधि और उसका परिवार अपने घर में असुरक्षित महसूस करे, तो क्षेत्र की आम महिलाओं की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कार्रवाई में देरी होती है, तो पुलिस की प्रतिक्रिया की समीक्षा की जाए और इस आशंका की भी जांच हो कि घटना से पहले संबंधित लोगों का किसी पुलिसकर्मी से संपर्क था या नहीं।
कथित संरक्षण की जांच के लिए आईजी से आग्रह की है
वहीं कुंज बिहारी तिवारी ने बताया कि वह क्षेत्र में कथित अवैध नशे के कारोबार और हथियारों की आपूर्ति को लेकर पहले भी पुलिस अधीक्षक को एक सूची सौंप चुके हैं। उन्होंने रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक से इस घटना की जांच के साथ कथित संरक्षण देने वालों की भूमिका की भी पड़ताल करने का आग्रह किया है। तिवारी ने मांग की कि पुलिस जांच में जरूरत के अनुसार संबंधित कॉल रिकॉर्ड की जांच करे।
Mauganj, Rewa | Nov 13, 2026