
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के उपमंडल धीरा की ग्राम पंचायत नौरा (मतेहड गांव) से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। भारतीय सेना की 21 गढ़वाल रेजिमेंट में हवलदार (क्लर्क) के पद पर तैनात 42 वर्षीय अश्वनी कुमार का दिल्ली में ड्यूटी के दौरान दिल का दौरा पड़ने से आकस्मिक निधन हो गया। मंगलवार रात करीब 10:45 बजे ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। साथी जवानों ने तुरंत उन्हें पास के सैन्य अस्पताल पहुँचाया, जहाँ प्राथमिक इलाज के बाद उन्होंने थोड़ा बेहतर महसूस किया। हालाँकि, बदकिस्मती से रात 12 बजे के आसपास उनकी हालत दोबारा बिगड़ गई और दिल का दौरा पड़ने से वे जिंदगी की जंग हार गए।
दिवंगत अश्वनी कुमार अपने पीछे अपनी पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं, जिनके सिर से अब पिता का साया उठ चुका है। जैसे ही बुधवार सुबह उनके निधन की खबर पैतिक गांव मतेहड पहुँची, पूरे इलाके में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। देश की सेवा में समर्पित हवलदार अश्वनी कुमार का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव लाया जा रहा है, जहाँ गुरुवार को पूर्ण सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करे 🙏
जय हिंद 🇮🇳