
#गुना - राष्ट्रीय राजमार्ग पर निराश्रित गौवंश हटाने एवं दुर्घटना रोकथाम हेतु सतत अभियान
चांचौड़ा क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग एवं प्रमुख मार्गों पर निराश्रित गौवंश के कारण संभावित सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा गौवंश की सुरक्षा के लिए प्रशासन द्वारा निरंतर एवं नियमित अभियान संचालित किया जा रहा है।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), चांचौड़ा के आदेश क्रमांक 2205 दिनांक 01.09.2026 के पालन में पंचायत विभाग, राजस्व विभाग, नगरपालिका एवं एनएचएआई की संयुक्त टीम द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रतिदिन रात्रि 8:00 बजे से प्रातः 5:00 बजे तक निगरानी एवं मैदानी कार्रवाई की जा रही है।
संयुक्त दल द्वारा हाईवे एवं आसपास के प्रमुख मार्गों का नियमित भ्रमण कर सड़क पर पाए जाने वाले निराश्रित गौवंश को सुरक्षित रूप से हटाकर उपयुक्त स्थानों एवं संबंधित ग्राम पंचायत क्षेत्र की ओर पहुंचाया जा रहा है। रात्रिकालीन निरीक्षण के साथ-साथ आवश्यकता अनुसार दिन के समय भी संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया जा रहा है।
विगत दिनों में भी संयुक्त टीम द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग के विभिन्न हिस्सों में मौके पर पहुंचकर गौवंश को सड़क से हटाने, यातायात को सुरक्षित करने तथा संभावित दुर्घटना वाले स्थानों की निगरानी की गई।
संबंधित ग्राम पंचायतों को भी निर्देशित किया गया है कि अपने क्षेत्र में निराश्रित गौवंश की सतत निगरानी करें तथा उन्हें राष्ट्रीय राजमार्ग एवं व्यस्त सड़कों पर आने से रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करें।
एसडीएम चॉचौडा द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि गौवंश की सुरक्षा एवं सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम में किसी प्रकार की लापरवाही न हो तथा संयुक्त दल की कार्रवाई निरंतर जारी रखी जाए।
प्रशासन का उद्देश्य केवल तत्काल गौवंश हटाना नहीं, बल्कि नियमित निगरानी, विभागीय समन्वय एवं ग्राम पंचायत स्तर पर सतत व्यवस्था के माध्यम से दुर्घटनाओं की संभावना को न्यूनतम करना है।
#Guna