
कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना की अध्यक्षता व विधायक श्रीमती नीना वर्मा की उपस्थिति में मध्यप्रदेश नगर तथा ग्राम निवेश अधिनियम, 1973 की धारा 17-क (1) के अंतर्गत गठित समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में धार विकास योजना-2041 (प्रारूप) पर चर्चा की गई।
बैठक में प्रस्तावित संरक्षण भूमि उपयोग, अवैध कॉलोनियों एवं अवैध विकास पर कार्रवाई, मांडव मार्ग पर प्रस्तावित बस स्टैंड के भूमि उपयोग में परिवर्तन तथा रतलाम मार्ग पर प्रस्तावित बस स्टैंड को यथावत रखने संबंधी सुझावों पर चर्चा की गई।
इसके अतिरिक्त ग्राम मगजपुरा स्थित लालबाग के आसपास व्यावसायिक भूमि उपयोग तथा ग्राम मालीवाड़ा, इस्लामपुरा एवं खानकपुरी में प्रस्तावित संरक्षण भूमि उपयोग को सार्वजनिक एवं अर्धसार्वजनिक उपयोग में परिवर्तित करने के सुझाव प्रस्तुत किए गए। उपस्थित सरपंचों ने अपने ग्रामों की भूमि को संरक्षण उपयोग से मुक्त रखने तथा ग्राम सभाओं में प्राप्त आपत्तियों पर विचार करने का अनुरोध किया।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि धार विकास योजना-2041 के प्रारूप से संबंधित विभिन्न आपत्तियों एवं सुझावों को पर विचार-विमर्श किया तथा आगामी कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। इस दौरान जिला पंचायत श्री सरदार सिंह मेढ़ा सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh