
#महोबा - मतदाता पंजीकरण एवं जागरूकता अभियान को लेकर मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार की अध्यक्षता में बैठक आयोजित , पात्र युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के दिए निर्देश ।
विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को मतदान के प्रति जागरूक करने पर दिया जोर ।
आज मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में आज जनपद स्तर पर मतदाता पंजीकरण एवं जागरूकता अभियान को लेकर माध्यमिक शिक्षा एवं बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों तथा विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई । बैठक में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, माध्यमिक स्तर के समस्त राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त एवं वित्तविहीन विद्यालयों के प्रधानाचार्य/प्रधानाचार्या तथा खंड शिक्षा अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में मतदाता पंजीकरण को प्राथमिकता देते हुए विशेष रूप से नए एवं पात्र मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए । मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया जाए तथा 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पात्र युवाओं को मतदाता पंजीकरण प्रक्रिया से जोड़ते हुए उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जाए ।
इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी द्वारा विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR-Special Summary Revision) की प्रक्रिया के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं प्रधानाचार्यों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए समन्वित प्रयास करने के निर्देश दिए ।
उन्होंने समाज में व्याप्त नकारात्मकता एवं भ्रामक धारणाओं को दूर करने के लिए सकारात्मक, तथ्यपरक एवं प्रभावी जागरूकता अभियान संचालित करने पर भी विशेष बल दिया । साथ ही बैठक में आगामी जनगणना प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए संबंधित अधिकारियों एवं प्रधानाचार्यों को आवश्यक तैयारियां समय से पूर्ण करने तथा जनगणना के प्रति आमजन को जागरूक करने के निर्देश दिए ।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकरण एवं निर्वाचन प्रक्रिया में उसकी सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं ।
#matdata #news #upnews #ssr
Mahoba, Mahoba | Nov 7, 2026