
बागपत: ई-रिक्शा चालक ने TSI से की मारपीट, मोबाइल तोड़े; आधा किलोमीटर तक घसीटा
बागपत के गौरीपुर मोड़ पर चेकिंग के दौरान ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर (TSI) बिजेंद्र सिंह के साथ ई-रिक्शा चालक द्वारा मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि चालक ने TSI के दो मोबाइल सड़क पर पटककर तोड़ दिए और भागने के दौरान उन्हें ई-रिक्शा के साथ करीब आधा किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह TSI को बचाया।
नंबर प्लेट को लेकर शुरू हुआ विवाद
TSI बिजेंद्र सिंह के अनुसार, गौरीपुर मोड़ पर चेकिंग के दौरान ई-रिक्शा की नंबर प्लेट पर प्लास्टिक का कट्टा लटका मिला। उन्होंने चालक से उसे हटाकर नंबर प्लेट सही करने को कहा। आरोप है कि इसी बात को लेकर चालक ने अभद्रता और फिर मारपीट शुरू कर दी।
ई-रिक्शा चालक ने लगाए रुपये मांगने के आरोप
वहीं, ई-रिक्शा चालक संदीप ने TSI पर रुपये मांगने और पैसे नहीं देने पर ई-रिक्शा सीज करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, रुपये मांगने की बात फिलहाल संज्ञान में नहीं है।
लोगों ने आरोपी को पकड़ा
घटना के बाद मौके पर हंगामा हो गया। पुलिसकर्मियों ने ई-रिक्शा चालक संदीप को पकड़ लिया। पुलिस लाइन में दस्तावेज मांगे जाने पर वह ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं दिखा सका। उसकी ई-रिक्शा सीज कर दी गई और उसे कोतवाली भेज दिया गया।
'मेरा भाई IPS है, छोड़ दें इसे'
TSI बिजेंद्र सिंह का आरोप है कि ई-रिक्शा पकड़े जाने के बाद सोनीपत के खेवड़ा निवासी एक युवक ने फोन कर खुद को मुरादाबाद में तैनात IPS अधिकारी का भाई बताया और चालक व ई-रिक्शा को छोड़ने का दबाव बनाया। TSI के अनुसार, इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने गौरीपुर मोड़ पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में TSI और ई-रिक्शा चालक के बीच बातचीत होती दिखाई दे रही है। पुलिस अन्य कैमरों की फुटेज भी जांच रही है।
यातायात पुलिस प्रभारी नोवेंद्र सिंह ने बताया कि नंबर प्लेट सही करने को कहने पर TSI से मारपीट का मामला सामने आया है। ई-रिक्शा सीज कर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। रुपये मांगने का मामला उनके संज्ञान में नहीं है।
Baghpat Police
#Baghpat #BaghpatNews #BreakingNews #TrafficPolice #E रिक्शा #TSI #GauripurMod
Baghpat, Bagpat | Sep 10, 2026