
किच्छा में मतगणना से पहले सियासी संग्राम, हरीश रावत के ‘लाठी’ बयान पर BJP का करारा जवाब.....
रुद्रपुर: किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका चुनाव की मतगणना से पहले राजनीतिक माहौल गरमा गया है। पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत के ‘लाठी’ वाले बयान को लेकर भाजपा ने तीखा पलटवार किया है। हरीश रावत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मतगणना के दिन छोटी-छोटी लाठियां लेकर पहुंचने की अपील की थी। इसके बाद भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ला ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मतगणना लोकतांत्रिक प्रक्रिया है और इसे शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जाना चाहिए।
दरअसल, हरीश रावत कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ के आवास पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मतगणना के दिन सतर्क रहने की बात कही। रावत ने कहा कि कार्यकर्ता छोटी-छोटी लाठियां लेकर पहुंचें, क्योंकि उन्हें आशंका है कि कहीं भाजपा चुनावी जीत को प्रभावित करने का प्रयास न करे।
हरीश रावत के इस बयान के बाद भाजपा ने कांग्रेस पर सवाल खड़े किए। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजेश शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस खुद को गांधीवादी विचारधारा वाला दल बताती है, लेकिन उसके वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं से लाठी लेकर मतगणना स्थल पर पहुंचने की अपील कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मतगणना लोकतंत्र की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और सभी राजनीतिक दलों को इसमें शांति एवं संयम बनाए रखना चाहिए।
राजेश शुक्ला ने तंज कसते हुए कहा कि अगर कांग्रेस कार्यकर्ता लाठी लेकर मतगणना स्थल पर आएंगे तो भाजपा कार्यकर्ता फूल लेकर पहुंचेंगे। उनके इस बयान के बाद किच्छा की सियासत में ‘लाठी बनाम फूल’ की चर्चा तेज हो गई है।
किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका चुनाव की मतगणना को लेकर प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की है। मतगणना केंद्रों पर पुलिस और पीएसी की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने की तैयारी की गई है।
मतगणना से ठीक पहले कांग्रेस और भाजपा के बीच शुरू हुई यह बयानबाजी स्थानीय राजनीतिक माहौल को और गरमा रही है। अब सबकी नजर चुनाव परिणाम पर है। साथ ही यह भी अहम होगा कि मतगणना के दौरान राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता किस तरह संयम बनाए रखते हैं।
#Kichha #KichhaElection #HarishRawat #BJP #Congress #RajeshShukla #UttarakhandPolitics #UttarakhandNews #RudrapurNews #KichhaMunicipalElection #MunicipalElection #KichhaNews