
नाबालिग से दुष्कर्म के प्रयास मामले में आरोपित गौतम रजक गिरफ्तार, भेजा गया जेल
तीनपहाड़। थाना क्षेत्र में मानसिक रूप से अस्वस्थ 13 वर्षीय नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म के प्रयास के मामले में पुलिस ने आरोपित गौतम रजक (45), उर्फ टुनटूनवा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। किशोरी की मां के आवेदन पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए यह कार्रवाई की है। पीड़िता की मां ने बताया कि उनकी बेटी बोलने और चलने-फिरने में असमर्थ है। बीते मंगलवार दोपहर से ही वह घर से लापता थी। परिजन उसकी खोजबीन कर रहे थे। इसी दौरान जानकारी मिली कि मोहल्ले का ही गौतम रजक उनकी बेटी को अपने घर में रखे हुए है। महिला के अनुसार, जब वह आरोपित के घर पहुंची तो दरवाजा बंद मिला। काफी कहने के बावजूद दरवाजा नहीं खोला गया। इसके बाद खिड़की से झांककर देखने पर उसने आरोपित और अपनी बेटी को नग्न अवस्था में देखा। महिला का आरोप है कि आरोपित उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म का प्रयास कर रहा था। उसके शोर मचाने पर आरोपित ने किशोरी को घर से बाहर निकाल दिया। इसी बीच सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को पकड़कर थाना ले आई। इस संबंध में थाना प्रभारी गौरव भगत ने बताया कि किशोरी की मां के आवेदन पर मामला दर्ज किया गया है। आरोपित गौतम रजक को जेल भेज दिया गया है।