
आरटीओ श्री मांझी ने वाहन संचालकों को दिए निर्देश, वर्षाकाल में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी जरूरी उपाय करें
---
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी श्री दीपक मांझी ने जिले के सभी यात्री वाहन, स्कूल बस, माल वाहन स्वामियों, उनके चालकों एवं परिचालकों को निर्देश दिए हैं कि वर्षाकाल में संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिये आवश्यक उपाय करें।
उन्होंने बताया कि वाहनों के संचालन से पूर्व वाहन का ब्रेक गियर, वाईपर, छत के तिरपाल, हेडलाईट इंडीकेटर आदि अवश्य जाँच लें, इसके बाद ही वाहन संचालित करें। साथ ही अपने वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता की जांच भी कर लें एवं उन्हें निर्देशित करें कि वर्षाकाल में किसी पुल पुलिया पर पानी होने की दशा में वाहन को पुल पर न ले जाएं, तथा वर्षा होने की स्थिति में वाहन की गति धीमी एवं नियंत्रित रखें व यातायात के नियमों का सख्ती से पालन करें। इसके अलावा सड़कों पर गड्डों में पानी भरे होने की स्थिति में वाहन सुरक्षित रूप से चलायें, सिंगल रोड होने की स्थिति में वाहन रोककर सावधानीपूर्वक क्रॉसिंग करें एवं शराब पीकर वाहन बिल्कुल न चलाएं।
आरटीओ श्री मांझी ने सलाह दी है कि बगैर फाटक वाली रेल लाइन, संकरी पुलिया पर सावधानीपूर्वक चलें, रेस ड्राइविंग और ओव्हरटेकिंग न करें तथा लापरवाही से वाहन न चलायें। उन्होंने वाहन में फर्स्टएड बॉक्स भी अनिवार्य रूप से रखने के लिए कहा है, जिसमें कि वैध समयसीमा वाली दवाईयाँ हो यह सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा है कि वाहन के सभी कागजात जैसे परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण जाँच, प्रमाणपत्र एवं वाहन संबंधी अन्य दस्तावेज चेककर लें एवं उनके वैध होने की स्थिति में ही वाहन का संचालन करें। आरटीओ श्री मांझी ने नागरिकों व यात्रियों की सुरक्षा तथा सड़कों को क्षति से बचाने हेतु यात्री वाहन एवं मालयान में ओव्हरलोडिंग न करने की सलाह भी दी है। उन्होंने वाहन संचालकों को सचेत किया है कि यात्री वाहनो में आपातकालीन द्वार जरूर सुनिश्चित कर लें।
CM Madhya Pradesh
Dr Mohan Yadav
Jansampark Madhya Pradesh
General Administration Department, MP
Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh
Public Works Department, Madhya Pradesh
#khandwa