
छह महीने से मेडिकल लीव पर चल रहे DSP विजय कुमार के मेडिकल परीक्षण पर सवाल, उपचार करने वाले डॉक्टर को ही मेडिकल बोर्ड में मिली जगह!
शिमला। हिमाचल प्रदेश पुलिस में एचपीएस (2022) बैच के डीएसपी विजय कुमार के मेडिकल परीक्षण को लेकर अब मेडिकल बोर्ड की निष्पक्षता पर सवाल उठने लगे हैं। खास बात यह है कि डीएसपी विजय कुमार पिछले करीब छह महीनों से मेडिकल लीव पर चल रहे हैं। ऐसे में उनके मेडिकल परीक्षण और मेडिकल बोर्ड की भूमिका को लेकर विभागीय स्तर पर सवाल खड़े हो गए हैं।
इस पूरे मामले में सबसे अहम सवाल मेडिकल बोर्ड में शामिल चिकित्सक की भूमिका को लेकर उठाया गया है। जारी पत्र में चिकित्सा रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा गया है कि आईजीएमसी शिमला के ऑर्थोपेडिक्स विभाग के डॉ. राजेश सूद को मेडिकल बोर्ड का सदस्य दर्शाया गया है, जबकि डीएसपी विजय कुमार की मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन स्लिप के अनुसार डॉ. राजेश सूद ही उनका उपचार भी कर रहे हैं।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि क्या किसी कर्मचारी का उपचार करने वाला चिकित्सक उसी कर्मचारी की मेडिकल जांच करने वाले बोर्ड का सदस्य हो सकता है? क्या इस स्थिति में मेडिकल बोर्ड की स्वतंत्रता और निष्पक्षता पूरी तरह सुनिश्चित रह सकती है?
पत्र के माध्यम से संबंधित विभाग से इस विषय पर मेडिकल नियमों के अनुरूप स्थिति स्पष्ट करने का आग्रह किया गया है। साथ ही यह भी जानना चाहा गया है कि उपचार करने वाले चिकित्सक की मेडिकल बोर्ड में मौजूदगी से जांच की निष्पक्षता पर कोई प्रभाव पड़ सकता है या नहीं।
गौरतलब है कि डीएसपी विजय कुमार पिछले छह महीनों से मेडिकल अवकाश पर हैं। ऐसे में उनके मेडिकल अवकाश, चिकित्सकीय परीक्षण और मेडिकल बोर्ड की कार्यप्रणाली को लेकर उठे सवाल अब चर्चा का विषय बन गए हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या संबंधित विभाग इस मामले में स्पष्ट जवाब देगा? क्या मेडिकल बोर्ड की निष्पक्षता को लेकर उठ रही आशंकाओं का समाधान होगा? फिलहाल संबंधित विभाग की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।