
#बालाघाट
महिलाओं और बच्चों के हित में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा राज्य स्तरीय सम्मान, 31 अगस्त तक करें आवेदन
महिला एवं बाल विकास विभाग ने महिलाओं एवं बच्चों के हित में उत्कृष्ट, साहसिक एवं प्रेरणादायी कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं से वर्ष 2025 के राज्य एवं जिला स्तरीय विभागीय पुरस्कारों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। राज्य स्तर पर रानी अवंतीबाई वीरता पुरस्कार, राजमाता विजयराजे सिंधिया समाज सेवा पुरस्कार, श्री विष्णु कुमार महिला एवं बाल कल्याण समाज सेवा सम्मान, मुख्यमंत्री नारी सम्मान रक्षा पुरस्कार, राष्ट्रमाता पद्मावती पुरस्कार तथा अरुणा शानबाग वीरता पुरस्कार के लिए आवेदन किए जा सकते हैं। इसके अलावा जिला स्तरीय मुख्यमंत्री नारी सम्मान रक्षा पुरस्कार के लिए भी पात्र अभ्यर्थी आवेदन प्रस्तुत कर सकेंगे।
महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत संचालित वन स्टॉप सेंटर की प्रशासिका सुश्री रचना चौधरी ने बताया कि इसके अंतर्गत ऐसे व्यक्ति एवं संस्थाएं आवेदन के पात्र हैं, जिन्होंने महिलाओं एवं बच्चों को हिंसा, उत्पीड़न और शोषण से संरक्षण, उनके पुनर्वास, बाल विवाह, दहेज प्रथा जैसी सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, महिलाओं एवं बालिकाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, साक्षरता, पर्यावरण संरक्षण तथा उनके अधिकारों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने में उल्लेखनीय योगदान दिया हो। महिलाओं के सम्मान एवं सुरक्षा के लिए साहस और वीरता का परिचय देने वाले व्यक्ति भी आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक एवं पात्र व्यक्ति अथवा संस्थाएं निर्धारित प्रारूप में अपने आवेदन 31 अगस्त 2026 तक जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, कलेक्ट्रेट कार्यालय, बालाघाट में जमा कर सकते हैं।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #mp_wcdmp