#बालाघाट
कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने की समय-सीमा प्रकरणों की समीक्षा
लंबित प्रकरणों के संवेदनशीलता के साथ निराकरण के दिये निर्देश
03 अगस्त को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा (टीएल) बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में नवागत कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने समय सीमा संबंधी प्रकरणों की समीक्षा कर उनके निराकरण के निर्देश दिये। बैठक में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा सीएम हेल्पलाइन के मामलों की समीक्षा की गई। इस दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक सराफ, अपर कलेक्टर श्री जी.एस. धुर्वे, श्री डी.पी. बर्मन, संयुक्त कलेक्टर श्री राहुल नायक, एसडीएम श्री गोपाल सोनी, वारासिवनी एसडीएम श्री कार्तिकेय जायसवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिले के सभी एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी तथा नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
कलेक्टर श्री कुमार सत्यम ने सर्वप्रथम सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की विभागवार समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री सत्यम ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे सीएम हेल्पलाईन की शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करे। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े प्रकरणों का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। लोक सेवा गारंटी अधिनियम एवं ई-सेवा से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सेवाएं उपलब्ध कराने तथा लंबित आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना अंतर्गत ऋण स्वीकृति के प्रकरणों में तेजी लाने के निर्देश दिये गए। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी से जिले में मलेरिया नियंत्रण के लिए की गई कार्यवाही की जानकारी ली गई। साथ ही हाइपरटेंशन एवं डायबिटीज जैसी गैर-संचारी बीमारियों की नियमित निगरानी एवं प्रभावी प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सत्यम ने महिला एवं बाल विकास तथा शिक्षा विभाग को जर्जर शासकीय भवनों एवं खाली परिसरों की जानकारी प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। बैठक में पेंशन प्रकरणों, लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत आधार अपडेट, प्रधानमंत्री किसान पोर्टल पर किसानों के पंजीयन सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री सत्यम ने सभी अधिकारियों को विभागीय समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं, समय-सीमा प्रकरणों एवं जनहित से जुड़े मामलों का प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #schooledump
#gaddeptmp #mp_wcdmp
1 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Aug 3, 2026