
बैंक एवं वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधिगण के साथ राष्ट्रीय लोक अदालत हेतु मीटिंग एवं पोश एक्ट के संबंध में जागरूकता शिविर का आयोजन
25 अगस्त 2026, सवाई माधोपुर। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर की सचिव समीक्षा गौतम द्वारा आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु मंगलवार को मीटिंग का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। सचिव समीक्षा गौतम ने बताया कि इस वर्ष की तृतीय राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन ऑनलाइन एवं ऑफलाइन के माध्यम से दिनांक 12 सितम्बर 2026 को किया जा रहा है, जिसके माध्यम से प्री-लिटिगेशन प्रकरणों, मोटर दुर्घटना दावों से संबंधित क्लेम के विवाद, एनआई एक्ट धारा 138, धन वसूली के सभी प्रकार के विवाद एवं वसूली के लंबित प्रकरणों सहित गृहकर के विवाद, स्थानीय निकायों द्वारा वसूली से संबंधित सभी प्रकार के विवाद, सभी प्रकार के राजस्व विवाद तथा अन्य सभी प्रकार के सिविल विवाद, उपभोक्ता विवाद, जनउपयोगी सेवाओं से संबंधित विवाद एवं अन्य राजीनामा योग्य विवादों का निस्तारण किया जावेगा।
सचिव समीक्षा गौतम ने बैंक व वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों को राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा निर्धारित समय सीमा में अपनी-अपनी बैंक शाखाओं के प्री-लिटीगेशन प्रकरणों को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर में प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया, जिससे जारी नोटिसों की तामील समय पर हो सके। साथ ही उन्हें राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में संबंधित बैंक शाखा में व्यापक प्रचार-प्रसार करने हेतु निर्देशित किया गया, जिससे अधिकाधिक पक्षकार अपने प्रकरणों को राष्ट्रीय लोक अदालत में रैफर करवाकर उनका निस्तारण करवा सकें।
इस दौरान जागरूकता शिविर का आयोजन कर सचिव समीक्षा गौतम एवं पैनल अधिवक्ता अभय कुमार गुप्ता द्वारा उपस्थित बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधिगण को कार्यस्थल पर महिलाओं का लैंगिक उत्पीड़न (निवारण, प्रतिषेध एवं प्रतितोष) अधिनियम 2013 के प्रावधानों के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई।
आयोजित मीटिंग एवं शिविर में जिला अग्रणी प्रबंधक प्रदीप कुमार, बैंक ऑफ बड़ौदा से मुकेश मीना, रजनीश कुमार, स्टेट बैंक ऑफ इण्डिया से हरिप्रसाद मीना अमृतलाल, ललित कुमार मीना, बैंक ऑफ इण्डिया से तेजराम मीना, बैंक ऑफ महाराष्ट्र से अनमोल अंगरीश, इण्डियन ओवरसीज बैंक से दीवान सिंह मीना, यूको बैंक से दूलीसिंह मीना, सेन्ट्रल बैंक ऑफ इण्डिया से सुजालाल, राजस्थान ग्रामीण बैंक से प्रदीपपाल सिंह, मनोज कुमार, यूनियन बैंक ऑफ इण्डिया से हंसराज मीना, धनपाल गौतम, इंडसइंड बैंक से अवतारलाल गुर्जर, पंजाब नेशनल बैंक से रोहित नामा, वरूण गुप्ता, यस बैंक से नितेश शर्मा, कैनरा बैंक से भागचन्द मीना, आईडीबीआई बैंक से ऐश्वर्य कांजोलिया, पंजाब सिंध बैंक से प्यार सिंह गुर्जर, बंधन बैंक से देवीसिंह नरूका, हीरो फिनकॉर्प से दिलीप सिंह तथा श्रीराम फाईनेन्स से नितेश सैनी उपस्थित रहें।