बछवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गोविंदपुर तीन पंचायत के राजापुर गांव में पति-पत्नी के विवाद के बाद सोमवार अहले सुबह एक महिला पांव-पैदल बिना चप्पल के आत्महत्या करने के इरादे से सिमरिया गंगा घाट जा रही थी। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ के बाद परिजनों को सौंप दिया।
उक्त महिला गोविंदपुर तीन पंचायत के राजापुर गांव की बताई जा रही है। पुलिस ने इस संबंध में एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी।
एसपी मनीष ने बताया कि सोमवार सुबह एफसीआई थाना के ERV पुलिस पदाधिकारी और उनकी टीम ने एक महिला को बिना चप्पल पहने, परेशान हालत में तेजी से सिमरिया की ओर जाते देखा। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान महिला ने बताया कि वह आत्महत्या करने जा रही थी। जब आत्महत्या का कारण पूछा गया, तो उसने पति-पत्नी के आपसी मतभेद को इसका कारण बताया।
पुलिस ने महिला को समझाया-बुझाया और उसके परिजनों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद महिला को सुरक्षित उनके परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस के इस त्वरित और सराहनीय कार्य से न केवल एक परिवार को बिखरने से बचाया जा सका, बल्कि एक संभावित अनहोनी को भी टाल दिया गया।