
उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता पर होगा समाधान, उद्योगों को मिलेगा हरसंभव सहयोग : वर्षा सिंह
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में उद्यमी संवाद कार्यक्रम, गुणवत्ता, ब्रांडिंग और ग्राहक संतुष्टि पर दिया जोर
हाजीपुर, 20 अगस्त 2026। राज्य सरकार की सात निश्चय-3 योजना के तहत “समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार” अभियान को जिले में प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी वैशाली वर्षा सिंह की अध्यक्षता में उद्यमी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए उद्यमियों ने भाग लिया और अपने व्यवसाय से जुड़ी समस्याएं, अनुभव एवं सुझाव जिलाधिकारी के समक्ष रखे।
इस अवसर पर जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने कहा कि स्थानीय उद्यमियों को जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उद्यमियों से संबंधित समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिले में औद्योगिक गतिविधियों और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए प्रशासन एवं उद्यमियों के बीच निरंतर संवाद जरूरी है। स्थानीय उद्यमियों की सफलता से अर्थव्यवस्था मजबूत होने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री उद्यमी योजना के तहत संचालित इकाइयों के उद्यमियों को उत्पादों में नवाचार, आकर्षक ब्रांडिंग, गुणवत्तापूर्ण पैकेजिंग और ग्राहक संतुष्टि पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धी बाजार में केवल उत्पादन पर्याप्त नहीं है। उत्पाद की गुणवत्ता, स्वच्छता, बेहतर पैकेजिंग और ग्राहकों का विश्वास किसी भी व्यवसाय की सफलता के महत्वपूर्ण आधार हैं।
पेपर प्लेट निर्माताओं को उत्पादों के पैकेट पर “उपयोग के बाद कूड़ेदान में डालें” जैसे स्वच्छता संबंधी संदेश अंकित करने के लिए प्रेरित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि व्यवसाय के साथ सामाजिक जिम्मेदारी को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि लोगों में स्वच्छता और उचित कचरा निस्तारण के प्रति जागरूकता बढ़े।
खाद्य उत्पादों से जुड़े उद्यमियों को किसी भी प्रकार की मिलावट से बचने और खाद्य गुणवत्ता एवं सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं का विश्वास किसी भी व्यवसाय की सबसे बड़ी पूंजी है।
कार्यक्रम के दौरान उद्यमियों ने विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं से जिलाधिकारी को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं पर संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
उद्यमी संवाद कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में उद्यमिता के अनुकूल माहौल तैयार करना, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देना, गुणवत्तापूर्ण उत्पादन एवं नवाचार को प्रोत्साहित करना तथा रोजगार सृजन को गति देना है। कार्यक्रम से जिला प्रशासन और स्थानीय उद्यमियों के बीच समन्वय एवं संवाद को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हुई।
#Vaishali #Hajipur #VaishaliNews #BiharNews #UdyamiSamvad #UdyamiYojana #MukhyamantriUdyamiYojana #BiharIndustry #LocalEntrepreneurs #SamriddhUdyog #SashaktBihar #VarshaSingh #DistrictAdministration #YoungIndiaNews