
संजय गांधी अस्पताल ने 'गलत इंजेक्शन' वाली खबर का किया खंडन : मरीज को दिया गया सही एंटी रेबीज इंजेक्शन
____________
संजय गांधी स्मारक चिकित्सालय प्रबंधन ने कुछ समाचार पत्रों में 7 सितंबर 2026 को प्रकाशित उस खबर का खंडन किया है, जिसमें एंटी रेबीज की जगह एंटी स्नेक वेनम इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया गया था। चिकित्सालय प्रशासन ने इस खबर को पूरी तरह भ्रामक और तथ्यहीन करार दिया है।
घटनाक्रम पर अस्पताल का स्पष्टीकरण है कि 5 सितंबर 2026 की शाम को 18 वर्षीय आयुष सिंह आपातकालीन चिकित्सा विभाग में उपचार के लिए आए थे। प्राथमिक परीक्षण के दौरान मरीज द्वारा स्नेक बाइट की बात कहे जाने पर ओपीडी पर्ची में यही शिकायत दर्ज की गई थी।वरिष्ठ चिकित्सकों के निर्देशन में जब परीक्षण किया गया, तब मरीज ने स्वयं बताया कि उन्हें वास्तव में कुत्ते ने काटा था और गलतीवश उन्होंने सर्पदंश बोल दिया था।
स्थिति स्पष्ट होते ही उपस्थित डॉक्टरों द्वारा डॉग बाइट के निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत मरीज को तुरंत एंटी रेबीज इंजेक्शन दिया गया। सर्पदंश के मामलों में एंटी स्नेक वेनम मरीज को अस्पताल में विधिवत भर्ती करने के बाद ही दिया जाता है। कुत्ते के काटने पर दी जाने वाली एंटी रेबीज की खुराक ओपीडी के आधार पर दी जाती है, जो कि संबंधित मरीज को दी गई थी।
संयुक्त संचालक एवं अधीक्षक, गांधी स्मारक चिकित्सालय रीवा द्वारा जारी आधिकारिक वक्तव्य में कहा गया है कि प्रकाशित खबर पूरी तरह निराधार है। अस्पताल प्रशासन द्वारा मरीज की देखभाल और उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं हुई है और निर्धारित प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन किया गया है।
#Rewa #रीवा