
आपदा मित्र योजना के तहत सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
आपदा प्रबंधन, भूकंप से बचाव एवं राहत-बचाव के व्यावहारिक उपायों का दिया जा रहा प्रशिक्षण
मध्यप्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह विभाग, मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिला मुरैना में आपदा मित्र योजना के अंतर्गत सात दिवसीय द्वितीय सत्र का प्रशिक्षण कार्यक्रम 30 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री अश्विनी कुमार सूद द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
प्रशिक्षण के प्रथम दिवस डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट श्री अश्विनी कुमार सूद ने आपदा प्रबंधन, आपदा के दौरान आपदा मित्रों की भूमिका तथा विभिन्न प्रकार की आपदाओं से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियों एवं सावधानियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आपदा की परिस्थितियों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई के महत्व से अवगत कराते हुए प्रशिक्षुओं को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके उपरांत कंपनी कमांडर श्री प्रमोद डंडोतिया ने भूकंप आपदा के कारणों, प्रभावों तथा भूकंप के दौरान एवं उसके पश्चात बरती जाने वाली सावधानियों और सुरक्षा उपायों के संबंध में प्रशिक्षण प्रदान किया। वहीं प्लाटून कमांडर श्री दीपक राठौर ने भार उठाने एवं स्थिरीकरण (लिफ्टिंग एंड स्टेबलाइजिंग लोड) की तकनीक का प्रशिक्षण दिया।
सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान आपदा मित्रों को विभिन्न प्रकार की आपदाओं से निपटने, राहत एवं बचाव कार्यों तथा आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी ढंग से कार्य करने के लिए आवश्यक कौशल एवं तकनीकी जानकारी प्रदान की जाएगी। प्रशिक्षण का उद्देश्य आपदा के समय स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करना तथा राहत एवं बचाव कार्यों को अधिक प्रभावी बनाना है।
#morena2026 #Morena #MadhyaPradesh Jansampark Madhya Pradesh