
नेपाल की बारिश से उफनाई गंडक, 1.5 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा
नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश का असर अब गंडक नदी के जलस्तर पर साफ दिखाई देने लगा है
बगहा/वाल्मीकिनगर। बैराज से करीब 1.5 लाख क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद निचले इलाकों में बाढ़ का पानी पहुंचने लगा है। इससे ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है और सामान्य जनजीवन प्रभावित होने लगा है। जल संसाधन विभाग के अनुसार, नेपाल में लगातार बारिश होने से वाल्मीकिनगर बैराज पर पानी की आवक तेजी से बढ़ रही है। परिस्थितियों को देखते हुए बैराज से पानी का डिस्चार्ज किया जा रहा है। विभागीय टीम बैराज पर जलस्तर, पानी की आवक और नदी के प्रवाह की लगातार निगरानी कर रही है। इधर, गंडक के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि से तटवर्ती और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। जिन गांवों में पानी पहुंचा है, वहां ग्रामीणों को आवागमन और रोजमर्रा के कामों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन भी संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
बारिश जारी रही तो बढ़ सकती है परेशानी
नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहने पर गंडक नदी के जलस्तर में और वृद्धि की आशंका है। इससे निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो सकती है।
फिलहाल गंडक का बढ़ता जलस्तर और नेपाल में जारी बारिश निचले इलाकों के लिए चिंता का विषय बना हुआ है। आने वाले घंटों में बारिश और नदी के जलप्रवाह की स्थिति ही बाढ़ के खतरे की गंभीरता तय करेगी