
शहरी सेवा शिविर में 7 कृषि पट्टे वितरित, पीएम स्वनिधि के 15 आवेदन स्वीकृत
हिण्डौन सिटी।
राज्य सरकार द्वारा संचालित "शहरी सेवा शिविर 2026" के तहत रविवार को नगर परिषद हिण्डौन सिटी द्वारा वार्ड संख्या 44 एवं 45 के लिए 15वें दिन का शिविर अम्बेडकर भवन में आयोजित किया गया। शिविर का निरीक्षण उपखंड अधिकारी ने किया, जबकि नगर परिषद आयुक्त हेमराज गुर्जर ने लाभार्थियों को पट्टे तथा जन्म एवं विवाह प्रमाण पत्र वितरित किए।
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत 9 नए आवेदन प्राप्त हुए। वहीं पीएम स्वनिधि योजना के 15 आवेदन प्राप्त हुए, जिन्हें बैंक द्वारा स्वीकृत कर दिया गया। इसके अलावा एक फायर एनओसी आवेदन का भी निस्तारण किया गया।
नगर परिषद द्वारा 25 जन्म प्रमाण पत्र, 2 मृत्यु प्रमाण पत्र तथा 7 विवाह प्रमाण पत्र जारी किए गए। साथ ही लाईट एवं सफाई से संबंधित 15 शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया। कृषि भूमि से संबंधित 7 पट्टे लाभार्थियों को वितरित किए गए तथा नाम परिवर्तन, उपविभाजन एवं अन्य पट्टों से जुड़े मामलों का भी निस्तारण कर लाभार्थियों को दस्तावेज मौके पर ही सौंपे गए।
शिविर में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, जेवीवीएनएल, आंगनबाड़ी, चिकित्सा, आयोजना, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, सार्वजनिक निर्माण विभाग, राजस्व विभाग एवं खाद्य सुरक्षा विभाग के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ आमजन को मौके पर उपलब्ध कराया।
लाभार्थियों ने शिविर में त्वरित कार्य होने पर संतोष व्यक्त करते हुए राज्य सरकार एवं मुख्यमंत्री का आभार जताया। इस अवसर पर नगर परिषद आयुक्त हेमराज गुर्जर, शिविर प्रभारी प्रेमराज मीना, लेखाधिकारी अरविंद कुमार मीना, सहायक अभियंता सहित नगर परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर परिषद प्रशासन ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगामी दिनों में भी शहरी सेवा शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ और पट्टों का वितरण सुनिश्चित किया जा सके।