
लायंस क्लब शक्ति ने अवंतीबाई पार्क में लगाया 50 पौधों का हरित कवर
शाहजहांपुर।पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से लायंस क्लब शक्ति शाहजहांपुर द्वारा अवंतीबाई पार्क चिन्नौर में एक वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। क्लब अध्यक्ष लायन ललिता यादव, सचिव लायन प्रियंका बियानी और कोषाध्यक्ष लायन शुभांगी गुप्ता के नेतृत्व में क्लब सदस्यों ने पार्क परिसर में आम, सहजन, इमली, अमरूद, आंवला और पीपल सहित 50 पौधे लगाए। लायन ललिता यादव ने कहा कि पेड़ ही जीवन हैं। चिन्नौर क्षेत्र में गणेशपुरम कॉलोनी और चिन्नौर गांव की बड़ी आबादी रहती है। पार्क में लगाए गए फलदार और छायादार पौधे आने वाले समय में यहां के लोगों को शुद्ध हवा और फल दोनों देंगे।
सचिव लायन प्रियंका बियानी ने बताया कि लायंस क्लब शक्ति नियमित रूप से पर्यावरण गतिविधियां करता रहता है। हमारा लक्ष्य शाहजहांपुर को हरा-भरा और स्वच्छ बनाना है। कोषाध्यक्ष लायन शुभांगी गुप्ता ने सभी से अपील की कि वे सिर्फ पौधे न लगाएं बल्कि उनकी देखभाल भी करें। क्लब सदस्यों ने स्थानीय लोगों को भी पौधारोपण और पर्यावरण बचाने के प्रति जागरूक किया। लायंस इंटरनेशनल के अंतर्गत आने वाले इस क्लब की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की।