गौतम मौर्य हत्याकांड : बहन का रिश्ता टूटा तो रची हत्या की साजिश, समीर को उकसाने वाला अश्वनी गिरफ्तार
शाहजहांपुर। कांट के चर्चित गौतम मौर्य हत्याकांड की जांच में बुधवार को नया मोड़ सामने आया। पुलिस ने हत्या की साजिश में शामिल होने के आरोप में 19 वर्षीय अश्वनी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार विवेचना में सामने आए साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर अश्वनी की भूमिका सामने आई। उस पर मुख्य आरोपी समीर को गौतम की हत्या के लिए उकसाने का आरोप है।पुलिस के मुताबिक पूछताछ में अश्वनी ने बताया कि गौतम और समीर समेत कुछ युवक उसकी बहन से बातचीत करते थे और उस पर दूसरे लोगों से बात नहीं करने का दबाव बनाते थे। अश्वनी का दावा है कि उसकी बहन का रिश्ता तय होने के बाद गौतम और समीर ने मिलकर रिश्ता तुड़वा दिया। इसके बाद उसने दोनों को एक-दूसरे के जरिए निपटाने की योजना बनाई और समीर से गौतम को मारने की बात कही।पुलिस के अनुसार अश्वनी काम के सिलसिले में दिल्ली चला गया था। 31 जुलाई की सुबह समीर ने फोन कर गौतम को मारने की बात कही थी। अगले दिन गौतम की हत्या की जानकारी मिलने की बात अश्वनी ने पुलिस को बताई। एसपी सिटी ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी, इसके बाद जेल भेजने की कार्रवाई होगी। अब तक मामले में कुल पांच आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें से चार को जेल भेजा जा चुका है।
Shahjahanpur, Shahjahanpur | Aug 5, 2026