
अखिल भारतीय जीनगर समाज चित्तौड़गढ़ ने अध्यक्ष राजेश जीनगर के नेतृत्व में अमर शहीद बीरबल सिंह जीनगर (ढालिया) का बलिदान दिवस मनाया।
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
चित्तौड़गढ़। अखिल भारतीय जीनगर समाज चित्तौड़गढ़ द्वारा अध्यक्ष राजेश जीनगर के नेतृत्व में अमर शहीद बीरबल सिंह जीनगर (ढालिया) का बलिदान दिवस श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाजजनों ने शहीद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अद्वितीय साहस, राष्ट्रभक्ति एवं बलिदान को नमन किया।
सचिव नवरतन जीनगर ने बताया कि अमर शहीद बीरबल सिंह जीनगर (ढालिया) राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के रायसिंहनगर के निवासी एवं भारत के स्वतंत्रता सेनानी थे। वे बीकानेर प्रजा परिषद से जुड़े हुए थे और अंग्रेज़ी शासन तथा तत्कालीन रियासती दमन के विरुद्ध सक्रिय रूप से संघर्षरत रहे। 30 जून 1946 को रायसिंहनगर में आयोजित प्रजा परिषद सम्मेलन के दौरान तिरंगा लेकर सबसे आगे चलने पर पुलिस ने लाठीचार्ज और गोलीबारी की। उनकी जांघ में तीन गोलियां लगीं, फिर भी उन्होंने तिरंगा नहीं छोड़ा और "भारत माता की जय" तथा "इंकलाब ज़िंदाबाद" के नारे लगाते रहे। गंभीर रूप से घायल होने के बाद 1 जुलाई 1946 को उन्होंने मातृभूमि की स्वतंत्रता के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उनका यह सर्वोच्च बलिदान आज भी देशवासियों और विशेष रूप से जीनगर समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
वरिष्ठों ने कहा कि शहीद बीरबल सिंह जीनगर का जीवन हमें राष्ट्रप्रेम, त्याग, साहस और तिरंगे के सम्मान के लिए सदैव समर्पित रहने की प्रेरणा देता है। समाज के युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र एवं समाज की सेवा के लिए आगे आना चाहिए।
इस अवसर पर उपस्थित समाजजनों ने शहीद बीरबल सिंह जीनगर के जीवन एवं बलिदान पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प लिया तथा दो मिनट का मौन रखकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की इस अवसर पर सचिव नवरतन जीनगर ने बताया कि जीनगर समाज चित्तौड़गढ़ के अध्यक्ष राजेश जीनगर की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ जन एसबीआई के पूर्व शाखा प्रबंधक प्रहलाद राय चौहान, सांवरिया जिला हॉस्पिटल के पूर्व नर्सिंग अधीक्षक छगनलाल टांक, भारतीय दूरसंचार विभाग के तेजमल सिसोदिया, कोषाध्यक्ष एवं पूर्व प्रधानाचार्य अंबालाल चितारा, खूबचंद पड़िहार, ओम प्रकाश वर्मा (गुड्डू भाई), समाज कल्याण अधिकारी चंद्र प्रकाश जीनगर, रीको अधिकारी संदीप सोनगरा, GNM प्राचार्य राकेश पड़िहार, सीताराम सिसोदिया, मगनलाल सिसोदिया, सुरेश चौहान, भागचंद पंवार, हितेश पंवार, सांवरिया जिला हॉस्पिटल के फार्मासिस्ट उमेश चौहान, जिला आर्युवेद हॉस्पिटल कम्पाउंडर अनिल सिसोदिया, राकेश पड़िहार, कैलाश पंवार घोसुंडा, अनिल पड़िहार, रजत जीनगर, राहुल टांक, भरत जीनगर, मोनू पड़िहार, विजय पड़िहार, गीता जीनगर, गोविंद जीनगर सहित अन्य समाजजन मौजूद रहे।