
राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारी को लेकर बैंक अधिकारियों की बैठक, अनुपस्थित शाखा प्रबंधकों से मांगा गया स्पष्टीकरण
लखीसराय। आगामी 12 सितंबर को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, लखीसराय में बैंक अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। यह बैठक प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार श्री सैयद मोहम्मद शब्बीर आलम के निर्देश पर सचिव श्री विधानंद सागर की अध्यक्षता में हुई।
बैठक में सचिव ने सभी बैंक अधिकारियों को राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए अधिक से अधिक प्री-लिटिगेशन मामलों की पहचान करने तथा समय पर नोटिस तैयार कर जिला विधिक सेवा प्राधिकार कार्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नोटिस समय पर मिलने से संबंधित पक्षकारों को विधिवत तामील कराकर मामलों के शीघ्र निष्पादन में सुविधा होगी।
बैठक में यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, इंडियन बैंक, एचडीएफसी बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, भूमि विकास बैंक एवं उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के लखीसराय शाखा प्रबंधक अनुपस्थित रहे।सचिव विधानंद सागर ने बैंक अधिकारियों की अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए सभी संबंधित शाखा प्रबंधकों से स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता के लिए सभी संबंधित संस्थानों का सक्रिय सहयोग आवश्यक है।